फर्नीचर की खरीद फरोख्त पर लगाया हजारों का चूना
{आॅनलाइन ठगी: पैमेंट के लिए ओएलएक्स पर दिया भरोसा
शहर में ऑनलाइन ठगी की वारदातों का लगातार इजाफा हो रहा है और लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं। इस बार ओएलएक्स पर फर्नीचर खरीदने का झांसा देकर चालबाजों ने एक युवक को 24,898 रुपए का चूना लगा दिया। शातिर आरोपियों ने पेटीएम का क्यूआर कोड भेज धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने पहले फर्नीचर खरीदने का पीड़ित को भरोसा दिला एक पैमेंट के लिए क्यूआर कोड भेज उसे क्लिक करने को कहा। जैसे ही पीड़ित ने पेटीएम क्यूआर कोड को क्लिक किया। उसके कुछ ही देर बाद उसे पता चला कि ऑनलाइन किए गए ट्रांजेक्शन में उसके खाते से 24,898 रुपए निकाल गए है। जिसके बाद पीड़ित ने शिकायत साइबर सैल को दी। मामले में साइबर सैल की ओर से की गई प्रारंभिक जांच के बाद सेक्टर-39 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ जालसाजी की धाराओं के तहत केस दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।
दरअसल सेक्टर-37 में रहने वाले नरेश कुमार ने अपने साथ ऑनलाइन हुए फ्रॉड की शिकायत नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर डाली थी। जिसके बाद मामला चंडीगढ़ पुलिस की साइबर सैल के पास पहुंचा था। पीड़ित ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसने अपना फर्नीचर बेचने के लिए पुराना सामान खरीदने व बेचने के लिए प्लेटफार्म उपलब्ध कराने वाली ओएलएक्स पर डाला था।
कोड पर क्लिक करते ही खाते से निकाले 24,898 रुपए
शिकायतकर्ता के मुताबिक फर्नीचर का विज्ञापन देख एक अज्ञात नंबर से उसे फोन आया। फोन करने वाले शख्स ने ओएलएक्स पर डाले गए विज्ञापन का जिक्र करते हुए कहा कि उसे उनका फर्नीचर पसंद आ गया। जिसके बाद उसने पेमेंट के लिए पेटीएम का एक क्यूआर कोड भेजा। कोड पर क्लिक करने के कुछ देर बाद उसे मैसेज आया कि उसके खाते 24,898 रुपए निकाले जा चुके है। जिसके बाद पीड़ित ने अपने साथ ही जालसाजी की शिकायत साइबर क्राइम को दी। मामले में चंडीगढ़ साइबर सैल की ओर से की गई प्रारंभिक जांच के अधार पर दी गई रिपोर्ट के अधार पर सेक्टर-39 थाना पुलिस ने अज्ञात जालसाज के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की पड़ताल शुरू कर दी है। आरोपियों का अभी तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी है।
{नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल से शिकायत चंडीगढ़ साइबर सैल के पास पहुंची