केरल की रोमांचक जीत, पंजाब को 5 रन से किया पराजित
{महज 1 रन पर पंजाब ने गंवाए आखिरी 5 विकेट, रमनप्रीत की हैट्रिक नहीं आई काम
| Women U-19|**
}चंडीगढ़. वुमंस अंडर-19 वनडे ट्रॉफी के एक मुकाबले में केरल ने पंजाब के खिलाफ रोमांचक जीत हासिल की। केरल ने पंजाब को 5 रनों के अंतर से हराया। एक समय तक पंजाब ने मैच पर शिकंजा कस लिया था, लेकिन टीम ने महज 1 रन पर अपने आखिरी 5 विकेट गंवा दिए। केरल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 128 रन बनाए थे जिसके जवाब में पंजाब की टीम 44.4 ओवरों में 123 रनों पर ढेर हो गई। एक समय तक पंजाब का स्कोर 5 विकेट पर 122 रन था और उन्हें जीत के लिए 6 रन बनाने थे। लेकिन गजल नाज और मन्नत कश्यप लगातार गेंद पर आउट हो गई। इसके बाद 123 के स्कोर पर टीम ने आखिरी 3 विकेट गवां दिए।
इससे पहले पंजाब ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया। टीम ने पहले 4 ओवरों में कोई भी रन नहीं बनने दिया। इसके बाद पांचवें ओवर में रमनप्रीत कौर ने शानदार हैट्रिक कर केरल को बैकफुट पर ला दिया। रमनप्रीत ने अंसु सुनील, जिस्ना और श्रुति को आउट कर अपनी हैट्रिक पूरी की। इस तरह केरल ने शून्य पर ही तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद 54 रन तक टीम के 6 विकेट गिर चुके थे। लेकिन सयोज्य और सौरभ्य ने पारी को संभाला और 7वें विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी की। लेकिन वे दोनों टीम को बड़े स्कोर तक नहीं पहुंचा सकी। सयोज्य ने 5 रन बनाए जबकि सौरभ्य ने 26 रनों की पारी खेली। केरल की टीम 40.4 ओवरों में 128 रनों पर सिमट गई। पंजाब की ओर से रमनप्रीत कौर ने 8.4 ओवरों में 4 मेडेन समेत 14 रन देकर 4 विकेट झटके।
जवाब में शबनम ठाकुर और श्रृष्टि राजपूत ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़े। श्रृष्टि ने 44 रन बनाए जबकि शबनम ने 17 रन बनाए। गजल नेगी ने 28 रनों की पारी खेली। लेकिन उनके विकेट गिरते ही टीम की बाकी बल्लेबाज भी टिक नहीं सकीं। पूरी टीम 44.4 ओवरों में 123 रनों पर ढेर हो गई।