वाइस चांसलर ने किया ‘परिशोध’का लोकार्पण
चंडीगढ़। पीयू के डिपार्टमेंट ऑफ हिंदी के रिसर्च जनरल “परिशोध का लोकार्पण बुधवार को वाइस चांसलर प्रो राजकुमार ने किया। महात्मा गांधी को समर्पित इस अंक में 9 भारतीय भाषाओं के लेखन को शामिल किया गया है। इसमें 30 लेख लेखकों पर आधारित हैं। इसमें बंगाली व मराठी के 6-6, पंजाबी के पांच, संस्कृत के तीन, तमिल, कन्नड़, मलयालम और उर्दू के दो दो और तेलुगु का एक आर्टिकल शामिल है। वीसी प्रो राजकुमार ने भारतीय साहित्य पर विशेषांक निकालने के लिए डिपार्टमेंट के चेयरपर्सन प्रो गुरमीत सिंह और संपादक मंडल को बधाई दी है। डॉ गुरमीत ने बताया कि यह अंक एक साल से भी कम समय में तैयार किया गया है और अगला अंक श्री गुरु नानक देव जी के 550 वें प्रकाशोत्सव पर प्रकाशित होगा। यह रिसर्च जनरल भी बहुभाषी होगा, जिसमें इंग्लिश और पंजाबी के लेख भी शामिल किए जाएंगे। प्रो नीरजा, प्रो सत्यपाल, प्रो बैजनाथ और प्राे अशोक भी इस मौके पर मौजूद थे।