पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंनई दिल्ली. नीरव मोदी और उसके परिवार के सदस्य प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समन की अनदेखी कर विदेश में टिके हुए हैं। ईडी के सूत्रों के मुताबिक नीरव मोदी सिंगापुर के पासपोर्ट पर लंदन में है। उसका भाई निशाल मोदी बेल्जियम के पासपोर्ट पर एंटवर्प में रह रहा है। बहन पूर्वी मेहता के पास बेल्जियम का पासपोर्ट है और फिलहाल उसके हॉन्गकॉन्ग में होने की खबर है। पूर्वी के पति मयंक मेहता के पास ब्रिटिश पासपोर्ट है और वो हॉन्गकॉन्ग और न्यूयॉर्क के बीच घूम रहा है।
ईडी के समन का जवाब नहीं दे रहे
- पीएनबी घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय ने नीरव मोदी के पिता दीपक मोदी, बहन पूर्वी मेहता और उसके पति मयंक मेहता को समन भेजा है। 13 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के घोटाले की जांच के संबंध में ये समन भेजे गए हैं। तीनों को मुंबई स्थित प्रवर्तन निदेशालय के दफ्तर में हाजिर होकर अपने बयान दर्ज कराने के लिए कहा गया है।
- ईडी के जांच अधिकारियों के मुताबिक, तीनों को इस महीने के पहले हफ्ते में ईमेल से समन भेजे गए थे। उन्हें पेश होने के लिए 15 दिन का वक्त दिया गया था। तय समय सीमा में जवाब नहीं आता तो नोटिस भेजा जाएगा।
मनी लॉन्ड्रिंग में नीरव की मदद का आरोप
- पूर्वी पर अपने भाई के साथ मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल होने का आरोप है। वहीं उसके पति पर भी नीरव मोदी की मदद करने का शक है। सिंगापुर स्थित फर्म इसलिंगटन इंटरनेशनल के जरिए प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के तौर पर हजारों करोड़ रुपए भेजे गए थे। इस फर्म का मालिक पूर्वी के पति को बताया गया था जो एक संदिग्ध मामला है।
- प्रवर्तन निदेशालय पीएनबी घोटाले में नीरव मोदी, भाई निशाल, पत्नी एमी और अन्य लोगों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच कर रहा है। सीबीआई की एफआईआर के आधार पर ये जांच की जा रही है। सीबीआई ने पीएनबी की पहली शिकायत के आधार पर 31 जनवरी को एफआईआर दर्ज की थी।
ईडी जल्द चार्जशीट दाखिल करेगा
- इस मामले में ईडी, प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रहा है। उम्मीद है कि अगले हफ्ते तक चार्जशीट फाइल कर दी जाएगी।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.