पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजनता दल यूनाईटेड के नेता नीतीश कुमार ने बिहार के कार्यवाहक राज्यपाल केसरी नाथ त्रिपाठी से मुलाक़ात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है.
नीतीश के साथ उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव और राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद, कांग्रेस के राज्य प्रमुख सदानंद सिंह भी राजभवन गए थे.
नीतीश कुमार ने 130 विधायकों का समर्थन हासिल होने का दावा किया है जिनमें भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के विधायक और एक निर्दलीय विधायक भी शामिल हैं.
नीतीश कुमार के साथ उन्हें समर्थन देने वाले सभी विधायक भी राजभवन गए हुए थे. नीतीश कुमार ने राज्यपाल से कहा कि वे चाहें तो सभी विधायक उनसे मिल सकते हैं. नीतीश के मुताबिक़, त्रिपाठी ने कहा कि इसकी ज़रूरत नहीं है.
ख़रीद फ़रोख़्त का आरोपनीतीश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी पर विधायकों की ख़रीद फ़रोख़्त की कोशिश करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने रविवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के बाद दावा किया कि वे विधानसभा में बहुमत साबित कर देंगे.
उन्होंने सवाल उठाया कि जब जनता दल यूनाईटेड ने विधानमंडल का नया नेता चुन लिया और दूसरे दलों ने भी नए नेता को समर्थन देने का ऐलान कर दिया तो बहुमत कोई दूसरा आदमी कैसे साबित कर सकता है.
राष्ट्रपति से \'मुलाक़ात\'नीतीश कुमार ने उम्मीद जताई कि राज्यपाल उन्हें जल्द ही सरकार बनाने का न्योता देंगे. उन्होंने इसके साथ ही चेतावनी भी दे डाली कि ऐसा नहीं हुआ तो वे सभी विधायकों के साथ राष्ट्रपति से मुलाक़ात करेंगे.
नीतीश कुमार ने मांझी पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार की कैबिनेट बैठक में ज़्यादातर सदस्यों ने मुख्यमंत्री के सदन में बहुमत साबित करने के प्रस्ताव को ख़ारिज कर दिया, ऐेसे में मुख्यमंत्री कैसे दावा कर सकते हैं कि यह कैबिनेट का फ़ैसला था.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.