पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

जगह नहीं मिलने से ग्वालियर से छिना तानसेन म्यूजियम, ओरछा में बनेगा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

ग्वालियर.   ग्वालियर से संगीत सम्राट तानसेन के नाम पर बनने जा रहा संगीत संग्रहालय छिन गया है। इसे अब ओरछा में बनाया जाएगा। जबकि ओरछा से तानसेन का सीधा संबंध नहीं है। वजह पर्यटन निगम से मोतीमहल स्थित पशु चिकित्सालय के दो हॉल छीनकर स्मार्ट सिटी काे देना बताया जा रहा है। संग्रहालय में संगीत से जुड़ी जानकारी के अलावा ऐतिहासिक वाद्य यंत्र रखे जाने थे, जिससे पर्यटक आकर उनको देख सकें।

 

हैरिटेज सर्किट के तहत ग्वालियर में तानसेन संगीत संग्रहालय बनाने का निर्णय हुआ था। लेकिन इसके लिए पर्यटन निगम को अभी तक जगह नहीं मिल पाई। बताते हैं कि इसी के चलते पर्यटन निगम के अफसरों ने भोपाल में कुछ दिन पूर्व बैठक कर तय किया कि तानसेन संगीत संग्रहालय को ओरछा में शिफ्ट किया जाएगा। 

मोतीमहल के अन्नपूर्णा भवन में था प्रस्तावित

शहर में सबसे पहले संग्रहालय के लिए अन्नपूर्णा भवन (मोतीमहल परिसर) को फाइनल किया गया था। यहां पर तीन आॅफिस वर्तमान में चल रहे हैं। इनको खाली करने में वक्त लग रहा था। इसके बाद मोती महल परिसर स्थित पशु विभाग के खाली हॉल को फाइनल किया गया है। यहां काम की शुरूआत हो पाती, इससे पहले नगर निगम ने स्मार्ट सिटी के कमांड आॅफिस के लिए जगह फाइनल कर दी। गोरखी स्कूल पास खाली पड़े भवन को देखा गया, वहां पर भवनों की हालात काफी खराब है। उसे रिजेक्ट कर दिया गया। कुछ दिनों पहले पड़ाव स्थित लोक निर्माण विभाग का आॅफिस देने की बात आई। यह जगह संग्रहालय के हिसाब से छोटी है।

 

3 करोड़ में तैयार होना था संग्रहालय 

तानसेन संगीत संग्रहालय के लिए 2.97 करोड़ रुपए की राशि इंफ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट पर खर्च करना थी। 2.45 करोड़ रुपए की राशि से संग्रहालय के अंदर सोलर लाइट्स लगना थी। इसके साथ ही संग्रहालय में संगीत से जुड़े वाद्य यंत्रों को लाकर रखा जाना था। ये वाद्य यंत्र ग्वालियर के अलावा प्रदेश भर से लाकर रखने की प्लानिंग थी।

 

 

सीधी बात : राजीव श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री मप्र राज्य पर्यटन विकास

सवाल- तानसेन संगीत संग्रहालय का काम कब से शुरू होगा? 
जवाब-
यहां बनने वाला संग्रहालय ग्वालियर की जगह ओरछा में ले जाने की प्लानिंग है।
सवाल- इसके पीछे क्या कारण है?
जवाब-
संग्रहालय बड़े स्तर पर बनना था। उस हिसाब से ग्वालियर में जगह नहीं मिल पा रही है।
सवाल- ओरछा में बनने वाले संग्रहालय का नाम क्या होगा?
जवाब-
वहां बनने वाले संग्रहालय के नाम में कोई परिवर्तन नहीं होगा।

खबरें और भी हैं...