पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरांची. अब सोना खरीदने पर भी ब्याज भी मिलेगा। बस आपको यह सोना डाकघर से खरीदना होगा। डाक विभाग से राष्ट्रीय स्वर्ण बंधपत्र (सोना) की बिक्री 16 अप्रैल से शुरू हुई है। निवेशक बंधपत्र लेने के लिए झारखंड के सभी 13 प्रधान डाकघरों में 16 अप्रैल से 20 अप्रैल के बीच किसी भी कार्य दिवस में आवेदन दे सकते हैं। बंध-पत्र चार मई को जारी किया जाएगा। इसमें नॉमिनेशन की सुविधा भी है।
यह दस्तावेज देने होंगे
आवेदन के साथ केवाईसी दस्तावेज़ देना होगा। इसमें वोटर आईडी, आधार कार्ड, पासपोर्ट, पैन/टैन कार्ड आदि दे सकते हैं। आवेदन फ़ॉर्म सभी 13 प्रधान डाकघरों में उपलब्ध हैं। लोग कम से कम एक ग्राम और अधिक से अधिक चार किलोग्राम सोना ले सकते हैं। हिंदू अविभाजित परिवार चार किलोग्राम और ट्रस्ट अधिकतम 20 किलोग्राम के मूल्य के स्वर्ण बांड खरीद सकते हैं। निवेशक नकद/ड्राफ्ट/चेक के माध्यम से बांड खरीद सकते हैं। किसी व्यक्ति विशेष के नाम से एक वित्तीय वर्ष (अप्रैल से मार्च) में अधिकतम 4 किलो तक का ही निवेश किया जा सकता है।
ऐसे मिलेगा लाभ
बांड पर वार्षिक 2.50 प्रतिशत की दर से ब्याज मिलेगा। जारी की तिथि से बांड की अवधि 8 वर्ष है, हालांकि 5वें वर्ष के बाद निकासी की सुविधा है। बांड पर लोन की सुविधा भी उपलब्ध है। रिजर्व बैंक में सावरेन गोल्ड बांड के लिए 3114 रुपये प्रति ग्राम कीमत तय किया गया है। यह रेट पिछले हफ्ते के सोने की कीमत के औसत आधार पर तय की गई है।
आम लोगों के हित मे यह योजना शुरु की गई है। इससे जनता का रुझान डाकघर की ओर बढ़ेगा। मध्यम वर्गीय परिवार लाभान्वित होंगे।
एस के मिश्रा, मुख्य डाक अधीक्षक, रांची
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.