पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंइंदौर. होलकर स्टेडियम को आईपीएल मैचों के लिए दूसरी बार होमग्राउंड बनाने वाली किंग्स इलेवन पंजाब फ्रेंचाइजी ने एक बार फिर पुलिस और प्रशासनिक सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए। फ्रेंचाइजी के सीईओ सतीश मेनन ने भास्कर से चर्चा में कहा इस बार का अनुभव काफी बुरा रहा। यहां हर मैच में अधिकारी 60 से 70 लाख रुपए के टिकट मांगते हैं। हालांकि डीआईजी ने काफी सहयोग किया। अगली बार इंदौर को होमग्राउंड बनाने के सवाल पर मेनन ने कहा यहां बहुत अच्छे दर्शक हैं। हम यहां बार-बार आना चाहते हैं, लेकिन हालात और सिस्टम को सुधरना जरूरी है।
दर्शक से प्रशासन तक सब नाराज
दर्शक इसलिए : मोहाली में न्यूनतम दर 500 रुपए थी तो इंदौर में यही 900 रुपए।
प्रशासन इसलिए : फ्रेंचाइजी की को-ऑनर प्रीति जिंटा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाए कि प्रशासन के साथ फाइन ट्यूनिंग नहीं रही। इससे नाराज अफसरों ने कॉम्पलीमेंटरी टिकट लौटा दिए।
पुलिस इसलिए : फ्रेंचाइजी पुलिस विभाग को मांग के अनुसार टिकट नहीं दे सकी।
नगर निगम : महापौर और निगम को गैलरी के 200 टिकट मिले। वहीं, ग्रीन काॅन्सेप्ट में महापौर को तवज्जो नहीं मिली। महापौर ने भी टिकट लौटा दिए। निगम ने मनोरंजन कर का नोटिस दिया।
हमने एक भी टिकट नहीं लिया : कलेक्टर निशांत वरवड़े का कहना है कि फ्रेंचाइजी से हमने एक भी टिकट नहीं लिया। वहीं, डीआईजी हरिनारायणाचारी मिश्र का कहना है कि पुलिस विभाग ने डयूटी निभाई है। टिकट की मांग वाली कोई बात नहीं है।
गैलरी के ही टिकट मिलने पर शाह ने बंद करवा दिए गेट
साेमवार को आईपीएल मैच देखने होलकर स्टेडियम पहुंचने पर वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं मिलने और सिर्फ गैलरी के पास मिलने से नाराज शिक्षा मंत्री विजय शाह ने मंगलवार को सरकारी विवेकानंद स्कूल से स्टेडियम जाने वाले दोनों गेट को बंद करवा दिया। इसके साथ ही सुलभ शौचालय के पास वाले गेट पर भी ताला डाल दिया। मैच के दौरान विवेकानंद स्कूल से होते हुए दर्शक संध्या अग्रवाल गेट से स्टेडियम में जाते हैं, जबकि उसी के पास अन्य गेट एमपीसीए पदाधिकारियाें के लिए हैं।
मंगलवार को शाह स्कूल पहुंचे और यहां दोनों गेट तुरंत बंद करवाने के निर्देशित किया। स्कूल के मैदान में भी पार्किंग नहीं करवाए जाने के लिए शिक्षा विभाग के अफसरों को निर्देश दिए। डीईओ सीके शर्मा और जेडी एके शर्मा ने तुरंत दोनों गेट बंद कर दिए।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.