पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

जगद्‌गुरु वल्लभाचार्य से लूट, 350 साल पुरानी मूर्ति, 2.11 लाख रुपए ले गए

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

भरतपुर/कामां/जुरहरा(राजस्थान).  दिल्ली से कामां आ रहे वल्लभ संप्रदाय के पंचम पीठाधीश्वर जगद्‌गुरु वल्लभाचार्य की कार को सोमवार रात करीब डेढ़ बजे जुरहरा थाना इलाके में गुरीरा गांव के पास रोककर बदमाशों ने मारपीट और लूटपाट की। कार में चालक राधाचरण और मंदिर ट्रस्ट के सेक्रेट्री दीपक भी थे। बदमाश वल्लभाचार्य से 350 साल पुरानी महाप्रभु की मूर्ति, 2 लाख 11 हजार रुपए, सोने की चेन, तीन अंगूठी, 4 मोबाइल व गाड़ी को लूट ले गए। घटना के बाद वल्लभाचार्य व गाड़ी चालक सहित दो जने ट्रक में लिफ्ट लेकर कामां पहुंचे और थाने में सूचना दी।  


- वल्लभाचार्य की गाड़ी के ड्राइवर घाटा कामां निवासी राधाचरण गुर्जर ने बताया कि सोमवार को वह कार में दिल्ली में एयरपोर्ट से वल्लभाचार्य को लेने गया था। उनके साथ मंदिर ट्रस्ट के सेक्रेट्री दीपक भी थे। रात करीब 1:30 बजे गुरीरा से आगे स्कूल के पास पहुंचे तो एक कार बड़ी तेजी से बगल से निकली और उसे सड़क पर आड़ा लगा दिया। जैसे ही हमने गाड़ी धीमी की तो सामने की कार से पांच-छह हथियारबंद बदमाश उतरे और गाड़ी को खोलने के लिए कहा। उन्होंने कार के शीशे नहीं खोले तो बदमाशों ने ड्राइवर साइड का शीशा तोड़कर गेट खोल लिए और चालक को गाड़ी से खींचकर नीचे पटक लिया और उसके साथ हथियार की बट से बुरी तरह मारपीट की।

- वल्लभाचार्य व दीपक गाड़ी से उतरे और उन्होंने मारपीट का कारण पूछा तो बदमाशों ने कहा कि यह एक्सीडेंट करके भागा है। इसके बाद उन्होंने दीपक के साथ भी मारपीट कर दी और कट्‌टा चलाना चाहा तो वल्लभाचार्य ने बदमाश का हाथ पकड़ लिया। इस पर बदमाश ने वल्लभाचार्य के कंधे पर बट मारी। इसके बाद उन्होंने चालक का मोबाइल फोन, दो हजार रुपए, ड्राइविंग लाइसेंस के अलावा वल्लभाचार्य के 4 मोबाइल फोन, 2.11 लाख रुपए, महाप्रभु की मूर्ति, सोने की एक चेन, तीन अंगूठी आदि लूट लिए।

- घटना के बाद बदमाश उन्हें जंगल में ही छोड़ गए और उनकी गाड़ी को कामां की ओर लेकर भाग गए। बाद में जुरहरा से आ रहे एक ट्रक से लिफ्ट लेकर तीनों पीड़ित कामां थाना पहुंचे और एसएचओ को घटना की सूचना दी। वल्लभाचार्य ने बताया कि बदमाशों ने जो रुपए लूटे हैं, वे चंपारन रायपुर में सेवा में मिले थे। इन्हें मंदिर खर्च व स्टाफ की पगार के लिए लेकर आ रहा था। उनके अनुसार वारदात करने वाले 20-22 साल की उम्र के थे, जो जींस-टीशर्ट पहने थे। किसी ने नकाब नहीं पहन रखा था।

 

 

कामां में आक्रोश, मंदिर के पट बंद
- घटना के बाद से कामां कस्बे के लोगों में आक्रोश है। मंदिर में दुर्लभ मूर्ति के वापस न आने तक परंपरा के मुताबिक मंदिर के पट बंद कर दिए गए हैं। मंदिर में  पूजा-अर्चना पहले की तरह की जा रही है, परंतु आमजन के लिए दर्शन बंद कर दिए गए हैं। बदमाशों की मारपीट में चालक राधाचरण को गंभीर चोट आई हैं।

 

6 संदिग्ध हिरासत में
- पुलिस ने कावान का वास, विक्टी, भीनलका आदि गांवों में दबिश देकर करीब 6 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे थानों में पूछताछ की जा रही है। रास्ते में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

 

 

खबरें और भी हैं...