पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

छत्तीसगढ़ के विपक्ष में गठबंधन के सवाल पर हां नहीं पर ना भी नहीं... बघेल बोले- आलाकमान तय करेंगे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रायपुर.  कर्नाटक चुनाव के नतीजों के बाद छत्तीसगढ़ में गठबंधन के मुद्दे पर नए सिरे से मंथन शुरू हो सकता है। हालांकि पीसीसी चीफ भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में गठबंधन के सवाल को हाईकमान पर छोड़ दिया है उनका कहना है कि इस बारे में उच्चस्तर पर ही कोई फैसला होगा।

 

वहीं जोगी कांग्रेस के सुप्रीमो अजीत जोगी का कहना है कि जनता को विकल्प चाहिए जो वे दे रहे हैं। गठबंधन के सवाल पर उनका कहना है कि छत्तीसगढ़ में फिलहाल ऐसी कोई संभावना नहीं है। वहीं बहुजन समाज पार्टी की छत्तीसगढ़ इकाई का मानना है कि भाजपा को अगर सत्ता से दूर रखना है तो भाजपा विरोधी ताकतों को एकजुट होकर एक मजबूत गठबंधन बनाना होगा। हालांकि दोनों ही दल दावा कर रहे हैं कि उनकी पार्टी का भाजपा के साथ सीधा मुकाबला होगा। लेकिन एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ में त्रिकोणीय मुकाबले का दावा कर स्पष्ट कर दिया कि उनके नजरिए से इस बार का चुनावी दंगल पिछले चुनावों से अलग  होगा। 

कांग्रेस को एंटी इंकम्बैंसी का सहारा

कर्नाटक के बारे में कांग्रेस के रणनीतिकारों का मानना है कि वहां एंटी इंकम्बैंसी के कारण कांग्रेस को सीटें कम मिली हैं। अब उन्हें लगता है कि यही फार्मूला छत्तीसगढ़ में भी लागू होगा।  कर्नाटक में कांग्रेस को 38 फीसदी और भाजपा को 36 फीसदी मत मिले हैं। इसके बावजूद कांग्रेस की सीटें भाजपा से कम हैं। जबकि छत्तीसगढ़ में दोनों दलों के बीच मतों का अंतर काफी कम है।  

 

जोगी कांग्रेस को इसलिए उम्मीदें
कर्नाटक में जनता दल सेकुलर के साथ कांग्रेस के गठबंधन के बाद छत्तीसगढ़ में भी जनता कांग्रेस की उम्मीदें बढ़ गई हैं। जनता कांग्रेस का दावा है कि अब क्षेत्रीय पार्टियां ही भाजपा को सत्ता में आने से रोक सकती हैं। अजीत जोगी का मानना है कि हर राज्य की परिस्थिति अलग होती है। छत्तीसगढ़ में क्षेत्रीय दल की मांग थी। हमने उस मांग को पूरा किया है। 

 

कर्नाटक के नतीजों से बसपा उत्साहित
बहुजन समाज पार्टी  को कर्नाटक की कोल्लेगला विधान सभा सीट पर जीत मिली है। बसपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश बाचपेई ने कहा कि दक्षिण भारत में पार्टी का खाता खुलने से छग में भी कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर है। उन्होंने कहा कि नतीजे बताते हैं कि  बीजेपी को यदि सत्ता से दूर रखना है तो बीजेपी विरोधी ताकतों को एकजुट होना ही होगा।

 

आलाकमान से होगा फैसला: बघेल
कर्नाटक में कांग्रेस के क्षेत्रीय दल के साथ गठबंधन के मुद्दे पर पीसीसी चीफ भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में गठबंधन के मुद्दे पर आलाकमान के स्तर पर ही निर्णय होगा। वे ही इस पर कोई निर्णय ले सकते हैं। चुनाव के पहले तो वहां गठबंधन हुआ नहीं था, चुनाव के बाद जिस तरह का जनादेश मिला, उसे देखते हुए गठबंधन की परिस्थितियां बनी हैं। जहां तक छत्तीसगढ़ की बात है तो भाजपा का पहिया कर्नाटक में थम गया है। प्रदेश में सामूहिक नेतृत्व में हम कांग्रेस की सरकार बनाएंगे।

 

 

कोई संभावना नहीं: जाेगी
जोगी कांग्रेस के प्रमुख अजीत जोगी का कहना है कि गठबंधन के बारे में उनसे न तो किसी ने अब तक चर्चा की है और न ही उन्होंने किसी से इस पर बात की है। फिलहाल गठबंधन की कोई संभावना नहीं है। हमने पार्टी बनाई है, जनता उसे विकल्प के रूप में देख रही है। अगले चुनाव में हमारा मुकाबला सीधे सत्तापक्ष से है।

 

 

गठबंधन जरूरी: बाचपेई
इधर छत्तीसगढ़ बसपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश बाचपेई ने कहा कि कर्नाटक के नतीजों से छत्तीसगढ़ में हमारे कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर है। दक्षिण भारत में पार्टी का खाता खुला है। कर्नाटक की तरह छग में भी गठबंधन की राजनीति के माध्यम से ही बीजेपी को सत्ता से दूर रखा जा सकता है।

खबरें और भी हैं...