पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंकेंद्र सरकार ने साहित्यकार रस्किन बांड, बैडमिंटन खिलाड़ी और राष्ट्रीय टीम के कोच पुलेला गोपीचंद और टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस को देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में एक पद्म भूषण देने की घोषणा की है.
केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक़ इस साल दो पद्म विभूषण, 24 पद्म भूषण और 101 पद्म श्री पुरस्कार दिए जाएंगे.
ये पुरस्कार आमतौर पर मार्च या अप्रैल महीने में राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति के हाथों दिए जाते हैं.
नागरिक सम्मानबयान के मुताबिक इस साल पद्म विभूषण पुरस्कार विज्ञान और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में डॉक्टर रघुनाथ ए माशलेकर और योग विद्या के क्षेत्र में बीकेएस आयंगर को दिया जाएगा.
उत्कृष्ट कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाने वाला पद्म भूषण पुरस्कार इस साल जिन लोगों को देने की घोषणा की गई है, उनमें साहित्यकार रस्किन बांड, बैडमिंटन के राष्ट्रीय कोच पुलेला गोपीचंद और टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस, अभिनेता कमल हासन और गायिका परवीन सुल्ताना के नाम शामिल हैं.
वहीं विशिष्ट सेवा के लिए दिए जाने वाले पद्म श्री पुरस्कार जिन लोगों को दिए जाएंगे उनमें बालू से कलाकृतियां बनाने वाले शिल्पकार सुदर्शन पटनायक, सिनेमेटोग्राफ़र संतोष सिवन, फ़िल्म अभिनेता परेश रावल, अभिनेत्री विद्या बालन, हास्य कवि प्रोफ़ेसर अशोक चक्रधर, दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफ़ेसर दिनेश सिंह, भारतीय महिला कबड्डी टीम के कोच सुनील डबास, महिला क्रिकेटर अंजुम चोपड़ा, क्रिकेटर युवराज सिंह के नाम शामिल हैं.
इन पुरस्कारों की घोषणा के बाद अभिनेत्री विद्या बालन ने कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है और पद्म श्री सम्मान मिलने की घोषणा से अभिभूत हैं. उन्होंने इस पुरस्कार को अपने परिवार को समर्पित किया.
उन्होंने कहा, \'\' मैं बहुत खुश हूं, उत्साहित हूं, अभिभूत हूं, सम्मानित महसूस कर रही हूं, मैं विनम्र और ये भावनाएं शब्दों से परे हैं. \'\'
वहीं अभिनेता कमल हासन ने कहा कि पद्म भूषण सम्मान की घोषणा उन्हें और अच्छा काम करने की प्रेरणा देगा.
एक बयान में हासन ने कहा, \'\' एक भारतीय होने पर गर्व है. भारत विभिन्न क्षेत्रों में महान हस्तियों वाला देश है. जब बहुत से लोग सम्मानित होने का इंतजार कर रहे हैं, तब मुझे मेरी सरकार ने पद्म भूषण सम्मान के लिए चुना है.\'\'
मरणोपरांत सम्मानकेंद्र सरकार ने अंधविश्वास के खिलाफ़ अभियान चलाने वाले डॉक्टर नरेंद्र अच्युत दाभोलकर को मरणोपरांत पद्म श्री पुरस्कार देने की घोषणा की है.
दाभोलकर की पिछले साल पुणे में अज्ञात व्यक्ति ने उस समय गोली मार कर हत्या कर दी थी, जब वो सुबह की सैर पर निकले थे.
इसके अलावा इस साल तीन अमरीकी नागरिकों और जापान के एक नागरिक को पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा.
पद्म श्री पाने वाले अमरीकी नागरिकों के नाम हैं, अशोक कुमार मागो (व्यापार और उद्योग), सिद्धार्थ मुखर्जी (चिकित्सा) और डॉक्टर वामसी मुथा (चिकित्सा).
वहीं जापान निवासी डॉक्टर सेन्गाकू मायदा को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.