पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पाक चुनाव: नवाज़ शरीफ़ का \'वनवास\' खात्मे की ओर

पाक चुनाव: नवाज़ शरीफ़ का \'वनवास\' खात्मे की ओर

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

हिंसा के बावजूद लोगों ने बढ़-चढ़ कर मतदान में हिस्सा लिया.

पाकिस्तान में हुए ऐतिहासिक आम चुनाव में मतगणना जारी है और रुझान सामने आने लगे हैं.

शुरुआती रुझानों में पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज़ (पीएमएल एन) बढ़त बनाए हुए है जबकि पूर्व क्रिकेटर इमरान खान की पार्टी तहरीक़-ए-इंसाफ़ दूसरे स्थान पर चल रही है.

कुछ सीटों पर परिणाम भी आने लगे हैं. नवाज़ शरीफ़ और इमरान ख़ान अपनी सीटों से चुनाव जीत चुके हैं. इमरान खान बाकी तीन सीटों से भी आगे चल रहे हैं.

272 सीटों के लिए हुए चुनाव में 249 सीटों के रुझान मिल रहे हैं जिनके मुताबिक पीएमएल (एन) 113 सीटों पर आगे चल रही है जबकि इमरान खान की पार्टी पीटीआई 37 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है.

तीसरे स्थान पर पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी है जो 33 सीटों पर आगे चल रही है. इसके अलावा चौबीस सीटों पर स्वतंत्र उम्मीदवार आगे चल रहे हैं.

इसके अलावा मुत्तहिदा क़ौमी मूवमेंट यानी एमक्यूएम आठ सीटों पर आगे चल रही है.

ऐतिहासिक चुनाव

पाकिस्तान में ऐसा पहली बार हो रहा है जब किसी चुनी हुई सरकार ने अपना कार्यकाल पूरा किय और उसके बाद वहां आम चुनाव हुए हों.

पाकिस्तान में लोगों ने आम चुनावों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया. इसलिए वोट डालने की अवधि को एक घंटा बढ़ाया गया था.

मतदान खत्म होने के तुरंत बाद वोटों की गिनती का काम शुरू हो गया और पूरे परिणाम आने तक वोटों की गितनी लगातार जारी रहेगी.

हालांकि मतदान के दिन भी हिंसक वारदातें हुईं और कराची और पेशावर समेत कई कई जगह बम धमाके हुए. कराची में हुए धमाकों में 11 लोगों की मौत हो गई. तालीबान ने इन धमाकों की ज़िम्मेदारी ली है.

संसद के साथ-साथ चार प्रांतों की असेंबलियों के लिए वोट भी पड़े और वहां भी वोटों की गिनती जारी है.

सिंध प्रांत में पीपीपी, पंजाब में पीएमएल (एन) और खैबर पख्तू प्रांत में इमरान खान की पार्टी पीटीआई आगे चल रही है.