पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

LOC पर BSF का पाकिस्तान का मुंहतोड़ जवाब, पाक रेंजरों ने टेके घुटने ; फिर फोन पर लगाई गुहार - अब बस करो

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जम्मू/नई दिल्ली. सीमा पर बिना कारण गोलीबारी कर रहे पाकिस्तानी रेंजरों ने बीएसएफ की मुंहतोड़ जवाबी कार्रवाई के आगे घुटने टेक दिए। पाकिस्तानी रेंजरों ने रविवार को जम्मू बीएसएफ फॉर्मेशन को फोन करके गोलीबारी रोकने की गुहार लगाई। दोनों पक्षों ने सीमा पर शांति और नागरिकों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा के लिए समय- समय पर बैठक करने पर सहमति जताई।

 

बीएसएफ के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से सीमा पर बिना उकसावे के गोलीबारी हो रही है। इसका माकूल जवाब दिया गया। इससे डरे पाक रेंजर्स ने गोलीबारी रोकने की अपील की है। उल्लेखनीय है पिछले दिनों सीमा पर हुई गोलीबारी में बीएसएफ के एक अधिकारी शहीद हो गए थे। वहीं, जम्मू क्षेत्र में चार नागरिकों की भी मौत हो चुकी है। इस साल सीमा पार से गोलीबारी और गोलाबारी की 700 से अधिक घटनाओं में 18 सुरक्षा कर्मियों सहित 38 लोग मारे जा चुके हैं।

 

कश्मीर के आरएस पुरा में की थी पाक ने फायरिंग

 

- बीएसएफ के मुताबिक, पाकिस्तान ने 16 और 17 मई की रात को हीरानगर, अरनिया और आरएसपुरा सेक्टर में सीजफायर वॉयलेशन किया। इसमें बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया था और एक अफसर समेत 7 जवान जख्मी हुए थे। चार नागरिकों की भी जान चली गई थी।

- पाकिस्तान 14 मई से अब तक एलओसी पर भारतीय इलाके में तीन बार गोलाबारी कर चुका है।

 

कुपवाड़ा में 4 आतंकी किए थे ढेर

 

- शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने जम्मू-कश्मीर मेंं कुपवाड़ा के हंदवाड़ा में आतंकियों की घुसपैठ नाकाम कर दी थी। मुठभेड़ में सेना ने 4 आतंकियों को मार गिराया था

 

पाकिस्तान को भारी नुकसान, बीएसएफ ने जारी की थर्मल इमेजरी फुटेज


करीब चार दिन से पाकिस्तानी रेंजर सीमा पर बिना कारण फायरिंग कर रहे हैं। बीएसएफ की जवाबी कार्रवाई में एक पाकिस्तानी रेंजर मारा गया। तीन दिन में कई पाकिस्तानी ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। बीएसएफ ने 19 सेकंड का एक थर्मल इमेजरी फुटेज भी जारी किया है, जिसमें भारत की जवाबी कार्रवाई में एक पाकिस्तानी चौकी को पहुंचा नुकसान भी दिख रहा है।

 

जम्मू-कश्मीर के डीजीपी बोले- संघर्ष विराम से सकारात्मक नतीजों की उम्मीद 

 

रमजान के दौरान जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ संघर्ष विराम के ऐलान पर जम्मू-कश्मीर के डीजीपी एसपी वैद ने सकारात्मक परिणामों की उम्मीद जताई है। हालांकि, उन्होंने आतंकियों के नापाक मंसूबों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत भी दिए। आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा द्वारा संघर्ष विराम के बहिष्कार पर डीजपी ने कहा, ‘लश्कर का बयान उसकी अपनी सोच है और हम वही करेंगे जो हमें सही लगता है।’