पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
श्रीनगर. पाकिस्तान ने सोमवार को फिर सीजफायर का उल्लंघन किया। अंंतरराष्ट्रीय सीमा के पास आरएस पुरा सेक्टर में सोमवार सुबह फिर मोर्टार दागे गए। इसमें एक पुलिसकर्मी और दो नागरिक जख्मी हो गए। इस पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि रमजान के पवित्र महीने में यह पाकिस्तान की 'नापाक' हरकत है। उन्होंने साबित कर दिया है कि रमजान, कुरान और इस्लाम में उनकी कोई आस्था नहीं है। बता दें कि रविवार को पाकिस्तान ने उसकी ओर से किए गए संघर्ष विराम उल्लंघन पर भारत की जवाबी कार्रवाई रोकने की गुहार लगाई थी। बीएसएफ ने रविवार को दावा किया कि उसने पाकिस्तान की कई चौकियां तबाह कर दी हैं। इसमें दुश्मन के कई रेंजर्स मारे गए हैं। बीएसएफ ने इसका एक वीडियो भी जारी किया है। पाकिस्तान की ओर से शुक्रवार को की गई फायरिंग में सेना का एक जवान शहीद हो गया था। चार नागरिकों की भी मौत हो गई थी।
भारत शांति के लिए पड़ोसी देश के हर कदम को गंभीरता से लेगा
- पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा के पहल पर प्रतिक्रिया देते हुए रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारत सरकार पड़ोसी देश की ओर से शांति कायम करने के हर कदम को गंभीरता से लेगी।
- दरअसल, ब्रिटिश मीडिया के हवाले से कहा गया है कि जनरल बाजवा और पाकिस्तान के सैन्य अधिकारियों के बीच भारत के साथ शांति और सैन्य सहयोग के लिए सहमति बनी है।
- वहीं, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि जो भी सीमा पार से गोलाबारी कर रहे हैं, उन्होंने दुनिया को दिखा दिया है कि रमजान के पवित्र महीने, इस्लाम और कुरान में उनकी कोई आस्था नहीं है। यह रमजान के दौरान पाकिस्तान की एक 'नापाक' हरकत है।
विक्रम, चिनाज और निकोवाल में बीएसएफ पोस्ट पर फायरिंग
- सेना ने बताया कि विक्रम, चिनाज और निकोवाल सीमा पर स्थित बीएसएफ की पोस्ट के साथ अन्य स्थानों पर भी मोर्टार दागे गए। अरनिया पुलिस स्टेशन पर मोर्टार गिरने से एसपीओ गुरुचरण सिंह जख्मी हो गए। जख्मी हुए नागरिकों में से दो की हालत नाजुक है।
बीएसएफ ने वीडियो किया जारी
- बीएसएफ ने भारतीय सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई का वीडियो जारी किया है। इसमें पाकिस्तानी चौकियां तबाह होते दिख रही हैं। पाकिस्तानी रेंजर्स भी मारे गए हैं।
भारतीय उच्चायुक्त को किया था तलब
- पाकिस्तान ने शुक्रवार को उलटा भारत पर सीजफायर वॉयलेशन करने का आरोप लगाया था। उसने भारतीय उच्चायुक्त अजय बिसारिया को बुलाकर आपत्ति जताई थी।
कश्मीर के आरएसपुरा में की थी पाक ने फायरिंग
- बीएसएफ के मुताबिक, पाकिस्तान ने 16 और 17 मई की रात को हीरानगर, अरनिया और आरएसपुरा सेक्टर में सीजफायर वॉयलेशन किया। इसमें बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया था और एक अफसर समेत 7 जवान जख्मी हुए थे। चार नागरिकों की भी जान चली गई थी।
- पाकिस्तान 14 मई से अब तक एलओसी पर भारतीय इलाके में तीन बार गोलाबारी कर चुका है।
कुपवाड़ा में 4 आतंकी किए थे ढेर
- शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने जम्मू-कश्मीर मेंं कुपवाड़ा के हंदवाड़ा में आतंकियों की घुसपैठ नाकाम कर दी थी। मुठभेड़ में सेना ने 4 आतंकियों को मार गिराया था।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.