पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंश्रीनगर. अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी रेंजर्स के मूवमेंट और बीएसएफ के उपकरणों को धोखा देने के लिए पाक अब नई चाल चल रहा है। पाकिस्तान सेना और रेंजर्स अब नए किस्म के कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। ये थर्मल कैमॉफ्लाज से बने हुए हैं। इससे बनी वर्दी की खासियत यह होती है कि यह कपड़े की गर्मी को कम करती है जिससे इसे पहने हुआ शख्स हैंड थर्मल इमेजर की निगरानी में नहीं आ पाता। बता दें पाकिस्तान की ओर से लगातार सात दिन से संघर्ष विराम तोड़ा जा रहा है।
थर्मल कैमॉफ्लाज का सहारा ले रही है पाक सेना
- ऐसा कहा जा रहा है कि हाल की फायरिंग में बीएसएफ के दो जवानों के शहीदों होने के बाद इसका पता चला। ये जवान हमलावरों को ट्रेस नहीं कर पाए।
- एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया ऐसी संभावना है कि पाकिस्तान की स्पेशल सर्विस ग्रुप भी थर्मल कैमॉफ्लाज वर्दी का इस्तेमाल कर सकता है।
फोर्स के मूवमेंट पर नजर रखना होगा मुश्किल
- भारतीय सेना मूवमेंट पर नजर रखने के लिए हैंड थर्मल इमेजर का उपयोग करती है। थर्मल कैमॉफ्लाज की वर्दी के कारण भारतीय सेना के लिए दुश्मनों पर नजर रखना मुश्किल होगा।
पाक फायरिंग में आठ महीने के बच्चे की हुई थी मौत
- पाकिस्तान की ओर से लगातार सात दिन से संघर्ष विराम तोड़ा जा रहा है। पाक सेना अरनिया और अरएसपुरा सेक्टर में मंगलवार रात से गोलाबारी कर रही है। भारतीय सेना इसका माकूल जवाब दे रही है। बीएसएफ ने बॉर्डर के आसपास 3 किमी हिस्से में आने वाले गांव खाली करा दिए हैं। इसमें पल्लांवाला सेक्टर के शेरपलाई इलाके में घर के बाहर सो रहे आठ महीने के एक बच्चे की मौत हो गई। अरनिया सेक्टर में एक पुलिस अफसर समेत छह लोग जख्मी हुए।
सरकार से हल निकालने की मांग
- अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित सुचेतगढ़ के नागरिकों का कहना कि गोलाबारी लगातार जारी है, हम बहुत डरे हुए हैं और रात में सो नहीं सकते हैं। हम अपने मवेशियों को चराने नहीं ले जा सके। हम सरकार से इस संकट का हल निकालने या फिर कुछ इंतजाम करने की अपील करते हैं।
पाकिस्तान की हर गोली का जवाब देंगे
- गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने बीएसएफ को सीमा पार से आने वाली हर गोली का करारा जवाब देने के लिए कहा है। उन्होंने कहा, "भारत ने पड़ोसी मुल्क के साथ सामान्य संबंध बनाने का हर प्रयास किया है, लेकिन पड़ोसी देश बाज नहीं आ रहा है और सुरक्षा बलों को उसकी हर कार्रवाई का उचित जवाब देना चाहिए। देश की सीमा की रक्षा करना बीएसएफ का कर्तव्य है और इस कर्तव्य को पूरा करने में कोई बाधा नहीं आ सकती। उन्होंने कहा कि जवाबी कार्रवाई पर किसी से कोई सवाल जवाब नहीं होगा।"
- उधर, गृह राज्यमंत्री हंसराज अहीर ने कहा कि ये पूरी दुनिया देख रही है। ये दुखद है, हमारे जवान खामोश नहीं बैठेंगे पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देंगे।
- गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि गृह मंत्रालय ने रमजान के दौरान ऑपरेशन चलाने से मना किया है। इसका मतलब ये नहीं कि सुरक्षा फोर्स किसी भी परिस्थिति में जवाब नहीं देगी। वह सही समय पर प्रतिक्रिया देंगे।
विक्रम, चिनाज और निकोवाल में बीएसएफ पोस्ट पर फायरिंग
- सोमवार को विक्रम, चिनाज और निकोवाल सीमा पर स्थित बीएसएफ की पोस्ट के साथ अन्य स्थानों पर भी मोर्टार दागे गए थे। अरनिया पुलिस स्टेशन पर मोर्टार गिरने से एसपीओ गुरुचरण सिंह जख्मी हो गए थे।
बीएसएफ ने रविवार को जवाबी कार्रवाई का वीडियो जारी किया था
- बीएसएफ ने भारतीय सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई का वीडियो जारी किया था। इसमें पाकिस्तानी चौकियां तबाह होते दिख रही थी। सेना ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के रेंजर्स भी मारे गए थे।
कश्मीर के आरएसपुरा में की थी पाक ने फायरिंग
- बीएसएफ के मुताबिक, पाकिस्तान ने 16 और 17 मई की रात को हीरानगर, अरनिया और आरएसपुरा सेक्टर में सीजफायर वॉयलेशन किया। इसमें बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया था और एक अफसर समेत 7 जवान जख्मी हुए थे। चार नागरिकों की भी जान चली गई थी।
भारतीय उच्चायुक्त को किया था तलब
- पाकिस्तान ने शुक्रवार को उलटा भारत पर सीजफायर वॉयलेशन करने का आरोप लगाया था। उसने भारतीय उच्चायुक्त अजय बिसारिया को बुलाकर आपत्ति जताई थी।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.