16-17 मार्च को नहीं होंगी पैराग्लाइडिंग
इन साइटों पर प्रतिबंधित रहेगी पैराग्लाईडिंग
जिला की 9 साइटों पर 16-17 मार्च को पैराग्लाइडिंग गतिविधियां प्रतिबंधित रहेगी। जिसमें सोलंगनाला, मढ़ी, डोभी, मझाच, तलोगी, कोठी, गड़सा, नांगाबाग आदि साइटें शामिल है। इन साइटों पर पर्यटकों को पैराग्लाइडिंग करवाने वाले तमाम पैराग्लाइडर इन दो दिनों में रिफ्रेशर कोर्स पर रहेंगे।
कुल्लू | जिला कुल्लू की तमाम पैराग्लाइडिंग साइटों पर दो दिनों तक पैराग्लाइडिंग गतिविधियां पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। 16 और 17 मार्च को विभाग ने चिह्नित सभी पैराग्लाइडिंग साइटों पर पैराग्लाइडिंग गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाकर सभी पायलटों को रिफ्रेशर कोर्स में शामिल होने के आदेश जारी किए हैं। इस कोर्स में सभी पंजीकृत पायलटों का शामिल होना जरूरी है। विभाग ने पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन मनाली को पत्र लिखकर सभी पैराग्लाइडर पायलटों को इस कोर्स में शामिल होने के फरमान जारी किए हैं।
जिला कुल्लू की 9 पैराग्लाइडिंग साइटों पर 455 पैराग्लाइडर पायलेट पंजीकृत है जिन्हें इस दो दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स में भाग लेने को कहा गया है और साइटों पर दो दिनों के लिए पैराग्लाइडिंग गतिविधियों पर पूरी तरह से प्रतिबंधित करने के आदेश भी जारी किए हैं। जाहिर है कि अगर इन आदेशों का उल्लंघन करते हुए कोई पैराग्लाइडर पाया गया तो उसके खिलाफ विभाग कड़ी कार्रवाई अमल में लाएगा।
पिछले कुछ वर्षों से पैराग्लाइडिंग साइटों में कई नौ सिखिए पैराग्लाइडर पायलेट हादसे का कारण बनें हैं जिसमें कई नशे का सेवन कर भी पैराग्लाइडिंग करवा रहे हैं। हादसों के कारण पिछले कुछ वर्षों में दर्जनों हादसे हुए हैं और 15 से 20 पर्यटक अपनी जान भी गवां चुके हैं। जिला पर्यटन अधिकारी बीसी नेगी ने कहा कि पैराग्लाईडर पायलटों के लिए 16-17 को रिफ्रेशर कोर्स मनाली के अलेऊ में करवाया जा रहा है जिसमें दो दिनों तक पैराग्लाइडिंग साइटों पर साहसिक गतिविधियां बंद रहेंगी