पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पेट्रोल एक दिन में 33 पैसे, डीजल 26 पैसे महंगा हुआ, 16 जून 2017 के बाद से एक दिन की सबसे बड़ी बढ़त

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

  • कर्नाटक चुनाव के दाैरान 24 अप्रैल के बाद 19 दिनों तक दाम नहीं बढ़ाए गए थे
  • रविवार को ही पेट्रोलियम मंत्री ने कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी का हल निकालने की बात कही थी

 

नई दिल्ली.  डीजल के बाद पेट्रोल के दाम भी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए। कंपनियों ने रविवार को पेट्रोल 33 पैसे और डीजल 26 पैसे महंगा किया। इसके बाद दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल 76.24 रु. का हो गया। पिछला रिकॉर्ड 14 सितंबर 2013 का था, जब कीमत 76.06 रु. थी। तब क्रूड 112 डॉलर प्रति बैरल था। जो अभी 80 डॉलर के करीब है। वहीं डीजल 67.57 रु. का हो गया है। जून 2017 से इनके दाम रोजाना तय हो रहे हैं। तब से एक दिन में यह सबसे बड़ी बढ़ोतरी है। कंपनियां इंटरनेशनल बेंचमार्क रेट के हिसाब से दाम तय करती हैं। 24 अप्रैल को पेट्रोल का बेंचमार्क रेट 78.84 डॉलर/बैरल था। अब यह 7.8% बढ़कर 84.97 डॉलर हो गया है। सरकार एक्साइज घटाने से पहले ही इनकार कर चुकी है। 

 

 

पेट्रोल 4.55 रुपए और हो सकता है महंगा

-  कर्नाटक चुनाव के दाैरान 24 अप्रैल के बाद 19 दिनों तक दाम नहीं बढ़ाए। 12 मई को वोटिंग हुई। 14 मई से कीमतें बढ़नी शुरू हुईं। हफ्तेभर में पेट्रोल 1.61 रु. और डीजल 1.64 रु. महंगा किया।
-  तेल कंपनियां मार्जिन कर्नाटक चुनाव से पहले के स्तर पर ले गईं तो पेट्रोल 4.55 रु. तक और डीजल 4 रु. तक महंगा होगा। 

 

सिर्फ एक बार घटाई ड्यूटी
-  नवंबर 2014 से जनवरी 2016 के दौरान जब क्रूड ऑयल के दाम घट रहे थे, सरकार ने 9 बार में पेट्रोल पर 11.77 रु. और डीजल पर 13.47 रु. एक्साइज बढ़ाई थी। क्रूड महंगा होने पर सिर्फ एक बार, अक्टूबर 2017 में ड्यूटी 2 रु. प्रति लीटर घटाई।

 

देश में सबसे महंगा पेट्रोल महाराष्ट्र में और डीजल आंध्र में

पेट्रोल: 85.77 रुपए/लीटर
महाराष्ट्र के परभणी में था रविवार को।
- सबसे सस्ता: पणजी में 70.26 रुपए।

- सबसे सस्ते और महंगे में 15 रु. का अंतर

 

डीजल: 73.45 रुपए/लीटर
आंध्रप्रदेश के हैदराबाद में था रविवार को।
- सबसे सस्ता: पोर्ट ब्लेयर में 63.35 रुपए।

- सबसे सस्ते और महंगे में 10 रु. का अंतर

 

जल्द ही तेल कीमतों पर लगाम लगेगी: प्रधान

- न्यूज एजेंसी के मुताबिक, रविवार को ही पेट्रोलियम मंत्री ने कहा था, ''मैं स्वीकार करता हूं कि तेल कीमतों में बढ़ोत्तरी से देश की जनता और खास तौर से मिडिल क्लास को काफी परेशानी हो रही है। इसके पीछे वजह तेल कंपनियों के प्रोडक्शन में कमी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी है। भारत सरकार जल्द ही इसका हल खोज लेगी।''

- दूसरी ओर, दिल्ली में बढ़ती तेल कीमतों पर लोगों ने कहा कि सरकार को महंगाई पर लगाम लगाने के लिए एक्साइज ड्यूटी घटनी चाहिए। मुंबई के उपभोक्ताओं ने कहा कि मुंबई में दिल्ली और गुजरात की अपेक्षा पेट्रोल इतना महंगा क्यों है? लोगों को रोजाना करीब 120 रुपए तक पेट्रोल पर खर्च करने पड़ रहे हैं।

खबरें और भी हैं...