स्पेशल पार्क में लगे फाउंटेन के चलने का लोग कर रहे इंतजार
सेक्टर-70 के स्पेशल पार्क में लगाया गया फाउंटेन पिछले काफी समय से खराब पड़ा है। एरिया के लोग इसके ठीक होने का लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। लेकिन निगम अधिकारियों को इससे कोई लेना-देना नहीं है और वो इसके लिए बिलकुल भी गंभीर नहीं है हालांकि एरिया निवासी मोहाली सोसायटी फॉर फास्ट जस्टिस एनजीओ के अध्यक्ष कंवल नयन सोढी की ओर से नगर निगम अधिकारियों के साथ इसको लेकर कई बार पत्राचार भी किया गया। लेकिन नगर निगम अधिकारी उसके बावजूद इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
सोढी ने बताया कि 2017 को वो इस समस्या को लेकर निगम अधिकारियों को पत्र लिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्क में जहां फाउंटेन खराब है। वहीं, बरसाती पानी के निकासी की भी भारी समस्या है जिसके चलते बरसात के दिनों में पूरा पार्क ही एक छप्पड़ का रूप धारण कर लेता है और पार्क में लोगों का आना तक मुश्किल हो जाता है। उन्होंने बताया कि बरसात के बाद भी काफी दिन तक पानी पार्क में खड़ा रहता है जब तक पानी धूप से सूख नहीं जाता तब तक लोग की पार्क में एंट्री भी बैन हो जाती है। उन्होंने कहा कि फाउंटेन में भी गंदा पानी खड़ा है जो की पार्क के साफ व स्वच्छ वातावरण को दूषित कर रहा है। जिससे की लोगों में बिमारी फैलने तक का डर बना हुआ है।
सेक्टर-70 के स्पेशल पार्क में लगे फाउंटेन।
निगम वाटर एंड सेनिटेशन विभाग पर डाल देते हैं बात
शिकायतकर्ता सोढी ने बताया कि जब भी वो निगम अधिकारियों को पार्क में बरसाती पानी की निकासी के लिए पत्र लिखते हैं तो अधिकारियों की ओर से इसे ठीक करवाने की बजाए सारी बात वाटर एंड सेनिटेशन विभाग पर डाल दी जाती है और बोल दिया जाता है कि यह काम वाटर एंड सेनिटेशन विभाग की ओर से किया जाना है। साथ ही यह भी कहा जाता है कि इसके लिए विभाग को निगम की ओर से भी पत्र लिखा गया है। लेकिन उसके बावजूद पार्क में जमीनी लेवल पर कोई काम नहीं किया जाता है। जिससे कि एरिया के लोग काफी परेशान हैं।
ठेकेदार की पेमेंट रोकने का दिया जाता है तर्क
सोढी ने बताया कि जब खराब फाउंटेन के बारे में भी निगम अधिकारियों को लिखकर पूछा गया तो आगे से जवाब मिला कि फाउंटेन के लिए ठेकेदार की पेमेंट रोकी गई है और उसे इस काम का कोई पैसा नहीं दिया गया है क्योंकि उसकी तरफ से फाउंटेन की मेनटेनेंस नहीं की गई है। सोढी ने कहा कि अगर अब निगम ने ठेकेदार की पेमेंट रोक भी ली है तो उसका लोगों को क्या लेना-देना। उन्होंने कहा कि लोगों को पार्क में फाउंटेन चलता हुआ चाहिए। फिर चाहे निगम उसे उसी ठेकेदार से ठीक करवाए या फिर किसी और ठेकेदार को फाउंटेन की मेनटेनेंस काम सौंपे। लेकिन निगम अधिकारी उस फाउंटेन को ठीक करवाने के प्रति बिलकुल भी गंभीर नहीं हैं।