- Hindi News
- National
- Ranchi News People Bought Sim On Fake Voter Id To Cheat People As Income Tax Officer
फर्जी वोटर आईडी पर सिम खरीदा इनकम टैक्स अफसर बन लोगों को ठगा
खुद को पुलिस कमिश्नर, मंत्री व इनकम टैक्स अफसर बताकर मदद के बहाने लोगों से रुपए हड़पने वाले आरोपी अमित सिन्हा को पुलिस टीम जयपुर से लेकर रांची आ रही है। जयपुर के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अशोक गुप्ता ने बताया कि आरोपी अमित सिन्हा रांची कलेक्ट्रेट में एक बाबू को रुपए देकर सत्यप्रकाश के नाम से फर्जी वोटर आईडी बनवाई थी। इस वोटर आईडी के जरिए उसने एक सिम व तीन हजार रुपए में मोबाइल फोन खरीदा था। इस साल 20 फरवरी को वह रांची से कोटा पहुंचा और जस्ट डायल पर फोन करके कई लोगों के मोबाइल नंबर लेना शुरू कर किया। उसने एलन कोचिंग सेंटर व कुछ ज्वेलर्स को इनकम टैक्स अफसर बनकर फोन किया। इसी दरम्यान उसने बनीपार्क निवासी राधेश्याम जैमिनी को फोन किया। वह उसके झांसे में आ गया और साढ़े चार लाख रुपए दिल्ली के पहाड़गंज में देने के लिए तैयार हो गया।
दिल्ली के पहाड़गंज में एक होटल में रुपए मंगवाए
अमित रुपए लेने के लिए कोटा से दिल्ली जाने के लिए बिना टिकट ट्रेन में चढ़ा। टीटी को एक हजार रुपए देकर सीट ली। पहाड़गंज पहुंचकर उसने होटल रूम से जैमिनी को फोन कर रुपए लेकर आने को कहा। पीड़ित ने अपने एक परिचित के जरिए उसे साढ़े चार लाख रुपए भिजवा दिए, जिन्हें लेकर वह रांची चला गया। पुलिस आयुक्त अशोक गुप्ता ने बताया कि लूट की रकम में से अमित ने साढ़े तीन लाख रुपए बहन के मकान में लगा दिए, बाकी सट्टे में उड़ा दिए। उसके बैंक खाते की जानकारी जुटाई जा रही है। गौरतलब है कि आरोपी को पुलिस ने 20 मार्च तक रिमांड पर ले रखा है। पुलिस पता लगा रही है कि उसने और कितने लोगों से ठगी की है। शातिर ठग को पकड़ने में डीसीपी क्राइम योगेश यादव और एडीसीपी क्राइम विमल नेहरा सहित टीम का विशेष योगदान रहा।