क्रूड की नरमी से नौ महीने के निचले स्तर पर पेट्रोल
कच्चे तेल के दाम में कमी के बीच शुक्रवार को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में फिर गिरावट दर्ज की गई। 13 मार्च को दिल्ली में पेट्रोल 14 पैसे और डीजल 15 पैसे सस्ता हुआ। यहां पेट्रोल की कीमत 70 रुपए और डीजल की कीमत 62.74 रुपए प्रति लीटर रही। यह बीते नौ महीने में इनकी सबसे कम कीमत है। इससे पहले जून 2019 को पेट्रोल की कीमत 70.05 रुपए प्रति लीटर थी। इस साल दिल्ली में अब तक पेट्रोल 5.14 रुपए और डीजल 5.22 रुपए प्रति लीटर सस्ता हुआ है। एक जनवरी को पेट्रोल की कीमत 75.14 रुपए और डीजल की कीमत 67.96 रुपए प्रति लीटर थी। ऑयल मार्केटिंग कंपनियां कीमतों की समीक्षा के बाद दैनिक आधार पर पेट्रोल-डीजल के रेट तय करती हैं। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम रोज सुबह 6 बजे दरों में संशोधन करती हैं।