पौधे लगाएं, पानी की हर एक बूंद को बचाए रखना जरूरी
कर्रा प्रखंड के लरता पंचायत सचिवालय में गुरुवार को केंद्रीय भूमिजल बोर्ड रांची के द्वारा जल संरक्षण विषय पर जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय भूमिजल बोर्ड विभाग के प्रभारी अधिकारी बसंत कुमार उरांव ने कहा पानी हमारे जीवन में कितना जरूरी है हम सब जानते है। भारत के कई हिस्सों में पानी के लिए लोग जूझ रहें हैं।
भारत सरकार द्वारा पानी की समस्याओं को लेकर हम अधिकारियों को पंचायत स्तर पर जन संवाद करके पानी का संरक्षण कराने का निर्देश है। बरसात का पानी जो नला, ढोडा में बहकर चला जाता है उसे रोकना होगा तब भूमि में जल स्तर ऊपर आयेगा। वैज्ञानिक बी सुनील टोप्पो ने कहा पानी मनुष्य के अलावा सभी जीव जंतु, पेड़ पौधा को जरूरी हैं। जलवायु में परिवर्तन को लेकर सरकार गंभीर है। हमलोग को पानी बचाने के लिए एक आंदोलन अभियान शुरू करना होगा। नहीं तो आनेवाले 40-50 बर्ष में झारखंड के लोग भी बूंद बूंद पानी के लिए तरसेंंगे। परती जमीन में पेड़ पौधा लगाना जरूरी है। इससे पूर्व लरता मुखिया जागरण उरांव एवं आये अतिथि एवं पदाधिकारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मौके पर सहायक वैज्ञानिक अतुल बेक,पंचायत सेवक बीरसिंह मुंडा, रोजगार सेवक अमरजीत धान, सिनी संस्था के पुष्पा हेरेंज, नारायण बडाईक, के आलावा लरता पंचायत के सैकड़ों महिला, पुरूष उपस्थित थे।