पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

नक्सलियों के गढ़ में पांच घंटे से ज्यादा वक्त बिताएंगे पीएम, खोलेंगे योजनाओं का पिटारा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पहुंच रहे हैं। वो करीब 5 घंटे वहां रहेंगे। इस दौरान नक्सल प्रभावित जांगला में मोदी एक जनसभा को संबोधित करेंगे, वहीं देश को आयुष्मान भारत योजना भी समर्पित करेंगे। पीएम मोदी के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।


योजनाओं का करेंगे शुभारंभ


- जांगला में पीएम मोदी जनसभा को संबोधित करेंगे और आयुष्मान भारत योजना का शुभारंभ करेंगे। 
- इसके बाद पीएम जांगला से ही बीजापुर जिला अस्पताल की डायलिसिस यूनिट का शुभारंभ कर सकते हैं। 
- रेलमार्ग का लोकार्पण, वनधन विकास केंद्र का शिलान्यास जैसी कई सौगातें पीएम की ओर से बस्तर की जनता को मिलेंगी।

दो नेशनल प्लेयर से भी मिलेंगे पीएम

- बीजापुर की नेशनल सॉफ्टबॉल खिलाड़ी सुनीता हेमला और अरुणा पुनेम से भी प्रधानमंत्री जांगला में मुलाकात करेंगे। इसको लेकर दोनों खिलाड़ियों में काफी उत्साह है।

- ये दोनों खिलाड़ी पहले तेंदू पत्ता और महुआ बीन जो जून की रोटी जुटाती थीं। अब ये फिलिपिंस में 12 से 18 मई तक होने वाले टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी।


ऐसा होगा पीएम का कार्यक्रम

 

-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को जगदलपुर सुबह 11.30 बजे पहुंचेंगे। छत्तीसगढ़ दौरे पर आने से पहले वो सुबह का नाश्ता दिल्ली एयरपोर्ट पर ही करेंगे, जबकि दोपहर का भोजन जगदलपुर में होगा।

- सुबह

-9.20 बजे प्रधानमंत्री दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां सुबह का नाश्ता करने के बाद जगदलपुर के लिए उड़ान भरेंगे।

- करीब 11.30 बजे प्रधानमंत्री जगदलपुर एयरपोर्ट पर लैंड करेंगे। यहां राज्यपाल बलराम जी दास टंडन, मुख्यमंत्री रमन सिंह के अलावा सीएस व अऩ्य प्रशासनिक अधिकारी प्रधानमंत्री की अगवानी करेंगे।

- वहां से 5 मिनट बाद ही वे हेलीकाप्टर से जांगला के लिए हैलीपेड के लिए सुबह 11.35 मिनट पर रवाना हो जायेंगे।

- 12.20 बजे प्रधानमंत्री जांगला हेलीपैड पहुंच जायेंगे। वहां से 12.25 पर कड़ी सुरक्षा और बुलेटप्रूफ कार के जरिये वो कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे।

- 12.30 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद करीब 3 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर मौजूद होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना का शुभारंभ करने के साथ-साथ अन्य कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे।

- 3.05 बजे कार्यक्रम स्थल से रवाना होकर 3.10 बजे तक हैलीपैड पहुंचेंगे। उसके बाद वहां से जगदलपुर के लिए रवाना हो जायेगें।

- जगदलपुर में ही प्रधानमंत्री दोपहर का भोजन करेंगे। वहां से दिल्ली के लिए रवाना हो जायेंगे।


बीजापुर आने वाले दूसरे प्रधानमंत्री


- पीएम मोदी नक्सल प्रभावित बीजापुर आने वाले दूसरे प्रधानमंत्री हैं। इसके पूर्व तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी वर्ष 1975 में बीजापुर आईं थीं। 
- हालांकि तब वहां के हालात आज की तरह नहीं थे। उस समय पीएम इंदिरा गांधी ने सभा में आए ग्रामीणों से मुलाकात कर उन्हें चॉकलेट भी दी थी। 
- इंदिरा गांधी बीजापुर स्थित बांसागार और सागौन डिपो का उद्घाटन करने के लिए आई थीं। उस दौरान बीजापुर को कोई सौगात नहीं मिली थी, लेकिन यहां पहुंच रहे मोदी से लोगों को काफी उम्मीदें हैं।

 

मोदी का चौथा बस्तर दौरा

 

- मोदी का यह चौथा बस्तर दौरा होगा। लगभग 30 साल पहले वे आरएसएस के प्रचारक थे तब बस्तर आए थे। उन्होंने तब के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुशाभाऊ ठाकरे के साथ यहां गोयल धर्मशाला में भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी।

-इस दौरान उन्होंने कई स्थानों पर भ्रमण किया था। इसके बाद वे 7 नवंबर 2013 को छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों से पहले बतौर प्रधानमंत्री उम्मीदवार के तौर पर बस्तर पहुंचे थे।

-इसके बाद वे 2014 में हुए लोकसभा चुनावों में पीएम चुने गए। पीएम बनने के बाद वे 9 मई को दंतेवाड़ा के जावंगा पहुंचे थे। तब उन्होंने कई बातें और घोषणाएं की थीं।

 

तब ये बोले थे मोदी

 

- पीएम नरेंद्र मोदी ने 7 नंवबर 2013 को लालबाग मैदान में एक सभा को संबोधित किया था। इस सभा में उन्होंने खुद को और भाजपा को दलित और आदिवासियों को हितैषी बताया था। उन्होंने तब दावा किया था कि उनके लिए काम किया जाएगा।

-इसके अलावा उन्होंने झीरम में नक्सली घटना और पटना में भाजपा की रैली पर आंतकवादी हमले का जिक्र करते हुए कहा था कि झीरम हमले के बाद रमन सामने आए और चूक की जिम्मेदारी लेते हुए मामले की जांच करवा रहे हैं लेकिन पटना में सरकार ऐसा कुछ नहीं कर पाई। पीएम ने जिस झीरम कांड के जांच का जिक्र किया था उसकी जांच आज तक पूरी नहीं हो पाई।

-नरेंद्र मोदी तीसरी बार 9 मई 2014 को दंतेवाड़ा के जावंगा पहुंचे। यहां उन्होंने 24 हजार करोड़ रूपए की सौगात बस्तर को दी। उन्होंने दो बड़ी घोषणा की। इनमें पहली घोषणा अल्ट्रा स्टील मेगा प्लांट की थी जो डिलमिली में लगना था लेकिन यह घोषणा कागजों में ही सिमट गई।

-दूसरी घोषणा रावघाट रेल लाइन की थी। इस रेल लाइन पर काफी काम हुआ है और भानुप्रतापपुर तक ट्रेन शुरू हो गई है अब आगे का काम जारी है। पीएम मोदी 14 अप्रैल को भानुप्रतापपुर से चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।

 

दुल्हन की तरह सजा जांगला


- पीएम मोदी के आगमन को देखते हुए जांगला को दुल्हन की तरह सजाया गया है। दो किलोमीटर सड़क से लेकर कार्यक्रम स्थल तक फ्लैक्स, होर्डिंग्स और रंग-बिरंगे तोरणद्वार ही नजर आ रहे हैं। 
-दीवारों पर बस्तर आर्ट की झलक दिख रही है तो पेड़-पौधों को रंगीन कपड़ों और रोशनी से सजाया गया है। 
- पीएम मोदी का स्वागत बीजापुर के कोसा से बने गमछे से किया जाएगा। इसे यहीं के कोकून उत्पादन केंद्र के कोसे से तैयार किया गया है।
- शुद्ध देशी शहद उत्पादन के लिए प्रसिद्ध जांगला के वनवासियों की ओर से तैयार शहद का स्वाद भी पीएम चखेंगे।

 

सप्ताह भर में 50 से ज्यादा दुकानें खुलीं


-पीएम नरेंद्र मोदी के दौरे के कार्यक्रम के चलते बड़ी संख्या में जवानों और अफसरों की तैनाती जांगला में की गई है।

-जांगला एक छोटा सा गांव है और यहां बमुश्किल किराने की दुकान एक थी लेकिन इतनी बड़ी संख्या में अफसरों के पहुंचने के बाद यहां हर घर दुकान और चाय नाश्ते के होटल में तब्दील हो गया है।

-जांगला में सप्ताह भर के भीतर ही 50 से ज्यादा छोटी-छोटी दुकानें खुल गई हैं।

 

सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम


- पीएम मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे को देखते हुए सुरक्षा-व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा में 20 हजार से अधिक जवान लगे हैं और जांगला छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
- आला अधिकारियों ने भी बस्तर डेरा डाल लिया है। प्रदेश के 12 आईएएस और 24 आईपीएस वहां पांच दिनों से मौजूद हैं। वहां आईबी, सीआरपीएफ और एंटी नक्सल ऑपरेशन के अधिकारी भी पहुंच चुके हैं। 
-कार्यक्रम की मॉनिटरिंग के लिए पीएचक्यू में कंट्रोल रूम बनाया गया है। विशेष कमांडों दस्ते के साथ एसपीजी की टीम बस्तर पहुंच गई है।

-बम स्क्वॉड और बारूद खोजने में माहिर डॉग स्क्वॉड की अलग-अलग टीमों को बीजापुर भेजा गया था। टीम बीजापुर के चप्पे-चप्पे में बारूद और बम ढूंढने में लगी है। अकेले बम स्क्वॉड में ही 30 सदस्यों की टीम रखी गई है।

-इसके अलावा सीआरपीएफ और अलग-अलग जिला पुलिस में काम रहे डॉग स्क्वॉड के बेहतरीन डॉग, जो जमीन में डेढ़ से दो मीटर की गहराई तक दबाकर रखे बारूद को भी पहचान लेते हैं, उन्हें खोज अभियान में लगाया गया है।

 

पीएम के दौरे से 5 दिन पहले हुआ था विस्फोट

 

-पीएम मोदी के दौरे से ठीक 5 दिन पहले नक्सलियों ने विरोध में हमले किए थे। 9 अप्रैल को तीन घंटे के अंतराल में नक्सलियों ने तीन बड़े ब्लास्ट किए थे। दो ब्लास्ट तो नाकाम हो गए, लेकिन एक ब्लास्ट की चपेट में पुलिस की मिनी बस आ गई। घटना में दो जवान शहीद हो गए थे, जबकि 7 जवान गंभीर घायल हुए।

- विस्फोट के बाद नक्सलियों ने आसपास के क्षेत्र में ‘पीएम गो बैक’ लिखे बैनर-पोस्टर टांगे हैं। इनमें प्रधानमंत्री के दौरे का विरोध किया गया है। ब्लास्ट के बाद लगाए गए बैनर-पोस्टर और पर्चे नक्सलियों के पश्चिम बस्तर डिविजनल कमेटी की ओर से जारी किए गए हैं। इनमें लिखा है- मोदी गो बैक। पीएम बस्तर के विकास के लिए नहीं, बल्कि यहां की खनिज संपदा कार्पोंरेट घरानों को सौंपने आ रहे हैं।

खबरें और भी हैं...