पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

जिस ट्रेन को पीएम मोदी देंगे हरी झंडी उसका परिचालन संभालेंगी महिलाएं

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रायपुर। भानुप्रतापपुर से गुदुम के बीच शनिवार को जिस ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे, उस ट्रेन का परिचालन पूरी तरह से महिलाओं के हाथ में होगा। रेलवे प्रशासन महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए रायपुर मंडल में पहली बार यह प्रयोग कर रहा है। ट्रेन के ड्राइवर से लेकर गार्ड, टीटीई,  स्टेशन मास्टर, वेंडर और कुली तक महिलाएं ही रहेंगी। 

 

- रायपुर मंडल के अफसरों के मुताबिक प्रधानमंत्री के हरी झंडी दिखाने के बाद लोको पायलट प्रतिभा बंसोड़ भानुप्रतापपुर से ट्रेन लेकर रवाना होंगी। इसी तरह ट्रेन में गार्ड के तौर पर नेहा कुमारी काम करेंगी

- भानुप्रतापपुर स्टेशन में स्टेशन मास्टर एस ललिता होंगी। कुली के तौर पर राजकुमारी पांडे काम करेंगी। इसके अलावा ट्रेन में अन्य सभी कार्यों के लिए महिला स्टाफ को लगाने का निर्णय हुआ है।

- शनिवार को दोपहर 12:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बीजापुर के जांगला से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। गौरतलब है कि भानुप्रतापपुर कांकेर जिला में आता है और यह नक्सल प्रभावित क्षेत्र है।

- इलाका नक्सल प्रभावित होने की वजह से ट्रेन को भारी सुरक्षा के बीच रवाना किया जाएगा। रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक करीब 15 हजार जवानों व पुलिस बल को ट्रेन की सुरक्षा में लगाया जाएगा।

- पटरी के दोनों तरफ आधुनिक हथियारों से लैस सुरक्षा बल तैनात होंगे और बीच से ट्रेन गुजरेगी। ट्रेन के अंदर भी सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे।

 

अब ट्रेन से बस्तर इलाके तक जाना आसान 

 

- वर्तमान में यदि सड़क मार्ग से भानुप्रतापपुर का सफर तय किया जाए, तो डेढ़ सौ रुपए से भी अधिक देने पड़ते हैं। ऐसे में अब 160 किमी की दूरी के लिए ट्रेन की सुविधा शनिवार से लोगों को मिलने लगेगी। इससे पहले रायपुर से दल्लीराजहरा और गुदुम तक डीएमयू ट्रेन चल रही है। इसी ट्रेन का विस्तार अब भानुप्रतापपुर तक होगा।

- इस ट्रेन के शुरू होने से बस्तर के कई इलाके तक जाना आसान होगा। अफसरों के मुताबिक आजादी के बाद पहली बार भानुप्रतापपुर तक ट्रेन जाएगी। आसपास के ग्रामीणों के लिए राजधानी रायपुर से जुड़ना भी सरल हो जाएगा। भानुप्रतापपुर से कांकेर की दूरी करीब 40 किमी है। ट्रेन नेटवर्क से जुड़ने के बाद कांकेर जाने के लिए भी लोगों को अब नया विकल्प भी मिलने लगेगा।


ट्रेन में सफर के लिए उत्साहित कर रहा रेलवे 

 

- ग्रामीणों को ट्रेन में सफर करने के लिए रेलवे प्रशासन उन्हें प्रोत्साहित भी करेगा, क्योंकि उस क्षेत्र में पहली बार ट्रेन जा रही है। ट्रेन के लोकार्पण से पहले शनिवार को भानुप्रतापपुर स्टेशन में हेल्थ कैंप का आयोजन किया जाएगा।

- सुबह आठ से 11 बजे तक भानुप्रतापपुर और आसपास के ग्रामीण इस हेल्थ कैंप में अपनी जांच करा सकते हैं। निशुल्क तौर पर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच के साथ ही दवा वितरण भी होगा।

- इस हेल्थ कैंप में रायपुर मंडल हॉस्पिटल के साथ ही रायपुर के कई अन्य अस्पतालों के डॉक्टर व विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। कैंप में जनरल चेकअप अौर ब्लड टेस्ट के साथ ग्रामीणों को उचित परामर्श दिया जाएगा। कैंप में गायनोकॉलोजिस्ट, ऑर्थोपेडिक, कॉर्डियोलॉजिस्ट, शिशु एवं महिला रोग विशेषज्ञ रहेंगे।

 

सुबह 9.20 बजे रवाना होगी ट्रेन


- भानुप्रतापपुर से गुदुम के बीच शुरू होने वाली पैसेंजर ट्रेन का टाइम टेबल जारी हो गया है। सुबह 9.20 में रायपुर से दुर्ग, गुदुम होते हुए ट्रेन दोपहर 1.15 बजे भानुप्रतापपुर पहुंचा देगी। वहां से फिर दोपहर 1.25 बजे दुर्ग के लिए रवाना हो जाएगी।

- शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए दोपहर साढ़े बारह बजे ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। भानुप्रतापपुर से गुदुम की दूरी 16.6 किमी है। भानुप्रतापपुर से दोपहर 12.30 बजे ट्रेन छूटकर 1.50 बजे गुदुम पहुंचेगी।

- वर्तमान में जो ट्रेन दुर्ग से दल्लीराजहरा के बीच चल रही है, उसी ट्रेन का विस्तार अब गुदुम व भानुप्रतापपुर तक होगा। हालांकि प्रधानमंत्री जिस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे, उसके लिए गोंदिया से रैक मंगाया गया है।

- नई रैक को भानुप्रतापपुर में सजा-धजा कर स्टेशन में लाया जाएगा। जानकारी के मुताबिक दुर्ग से छूटने वाली डेमू ट्रेन मरौदा, पौवारा, रिसामा, गुंडरदेही होते हुए भानुप्रतापपुर तक जाएगी।

 

 

 

खबरें और भी हैं...