पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
नई दिल्ली. 13 हजार करोड़ के पंजाब नेशनल बैंक फ्राॅड में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को गीतांजलि ग्रुप के 85 करोड़ रुपए कीमत के 34 हजार आभूषण जब्त कर लिए। गीतांजली ग्रुप पीएनबी फ्रॉड के आरोपी मेहुल चौकसी की कंपनी है। एजेंसी के मुताबिक, ये ज्वेलरी दुबई से लाई गई थी, जिसे ‘प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्डरिंग एक्ट’ (पीएमएलए) के तहत जब्त किया गया है। बता दें कि पीएनबी फ्रॉड मामले में ईडी अब तक मुख्य आरोपी नीरव मोदी और मेहुल चौकसी की करोड़ों की संपत्ति जब्त कर चुकी है।
ईडी-सीबीआई कर रही है नीरव-चौकसी की जांच
- देश के दूसरे सबसे बड़े घोटाले से जुड़े मेहुल चौकसी समेत उसके भतीजे और नीरव मोदी की सीबीआई और ईडी दोनों जांच कर रहे हैं।
- मुंबई स्पेशल कोर्ट में सीबीआई ने इस हफ्ते दो चार्ज शीट दायर की हैं। 14 मई को दायर पहली चार्जशीट में एजेंसी ने फ्रॉड में नीरव मोदी की भूमिका की जानकारी दी थी। वहीं बुधवार को दायर दूसरी चार्जशीट में मेहुल चौकसी के साथ 17 और नाम भी थे।
- ईडी की चार्ज शीट मनी लॉन्ड्रिंग और घोटाले में दोनों आरोपियों की भूमिका पर केंद्रित रहेगी। पीएनबी घोटाने में दोनों आरोपी मोदी और चौकसी ने उन पर आपराधिक मामला दर्ज होने से पहले ही देश छोड़ दिया था।
ईडी ने पहले भी 1217 करोड़ की संपत्तियां जब्त की
- पीएनबी घोटाले में ईडी ने एक मार्च को मेहुल चोकसी के ठिकानो पर दबिश दी थी। जहां से उसने 1217 करोड़ रुपये की 41 संपत्तियां जब्त की थीं। इसमें मेहुल के मुंबई स्थित 15 फ्लैट और 17 दफ्तर शामिल हैं। ईडी में कोलकाता का एक शॉपिंग मॉल भी ज़ब्त किया था। अलीबाग का एक फॉर्म हाउस समेत तमिलनाडु और महाराष्ट्र में 231 एकड़ ज़मीन को जब्त की गई थी।
पीएनबी को 13,416.19 करोड़ रुपए का घाटा
- पंजाब नेशनल बैंक को जनवरी-मार्च तिमाही में 13,416.19 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। किसी भी भारतीय बैंक का ये अब तक का सबसे बड़ा तिमाही घाटा है। पिछले साल की चौथी तिमाही में बैंक को 262 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था।
- बैंक की आय भी 13.6% घटकर 12,945 करोड़ रुपए रह गई है, जो पहले 14,989 करोड़ रुपए थी। 2016-2017 की चौथी तिमाही में पीएनबी को 6,232 करोड़ रुपए का ऑपरेटिंग प्रॉफिट हुआ था, लेकिन इस बार 447 करोड़ का घाटा हुआ है। नीरव मोदी और मेहुल चौकसी के घोटाले के वजह से पीएनबी की ये हालत हुई है।
पीएनबी घोटाले में अब तक क्या हुआ?
- 29 जनवरी को मुंबई में पीएनबी की ओर से इस मामले में शिकायत की गई।
- 31 जनवरी को सीबीआई ने पहली एफआईआर दर्ज की।
- एफआईआर में नीरव मोदी, उसकी पत्नी एमी, भाई निशाल और चाचा मेहुल चौकसी और अन्य आरोपियों के नाम।
- बाद में सीबीआई ने दो और एफआईआर दर्ज कीं।
- पहली एफआईआर के आधार पर 14 मई को पहली चार्जशीट दायर।
- दूसरी एफआईआर के आधार पर 16 मई को दूसरी चार्जशीट दायर।
-इस घोटाले में अभी तक 15 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.