पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंइंदौर. परिवार के लोग खाना खा रहे थे। घर में ठंडा पानी नहीं था तो मां ने चार साल की बच्ची को पड़ोस में रहने वाले भाई के यहां से ठंडा पानी लाने को कहा। बच्ची घर से तो निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद परिवार ने उसकी गुमशुदगी थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने भी अपहरण का केस दर्ज कर तलाश शुरू की। दूसरे दिन गुरुवार सुबह उसका शव बच्ची के मामा के घर के पास बने नाले में मिला। बच्ची हादसे का शिकार हुई या उसके साथ कोई वारदात हुई, पुलिस जांच कर रही हैै। घटना सोमनाथ की जूनी चाल की है।
बच्ची का नाम आरुषि पिता प्रकाश केशरकर था। उसके मामा यशवंत ने बताया कि बुधवार दोपहर 2 बजे आरुषि की मां दीपा व परिवार के लोग खाना खा रहे थे। दीपा ने उससे मेरे यहां से ठंडे पानी की बोतल मंगाई। काफी देर बाद भी वह नहीं लौटी तो बहन उसे ढूंढ़ते हुए आई। वह मेरे यहां भी नहीं आई थी। काफी खोजबीन के बाद एमआईजी पुलिस को बच्ची के लापता होने की जानकारी दी गई।
रात 2.30 बजे तक नाले में खोजते रहे परिजन, दूसरे दिन सुबह मिला शव
बच्ची के मामा यशवंत ने बताया कि उनके घर के पास ही नाला है। उसमें पहले भी कई लोग गिर चुके हैं, उन्हें संदेह हुआ कि बच्ची कहीं उसमें तो नहीं गिर गई। रात 2.30 बजे तक परिवार नाले में डंडे से उसे तलाशते रहे। अंधेरा और नाले में कचरा होने के कारण दिक्कत आ रही थी। गुरुवार सुबह परिवार ने नगर निगम के लोगों की मदद से नाले में दोबारा तलाश शुरू की। नाले से गाद हटाई तो बच्ची का शव नजर आया।
भूमि पूजन हुआ, लेकिन नाले पर पुल नहीं बना, पहले भी हो चुके कई हादसे
रहवासियों ने आरोप लगाए कि छह महीने पहले नाले के ऊपर पुल बनाने के काम का भूमि पूजन किया गया था, लेकिन अभी तक काम ही शुरू नहीं हुआ। वहां से आने-जाने के लिए अस्थायी रास्ता था। उसे भी बंद कर दिया गया। इसके चलते वहां पहले भी कई लोग गिर चुके हैं, लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.