ढुल्लू महतो को आतंकी की तरह परेशान कर रही पुलिस : अमर बाउरी
रांची | भाजपा विधायक अमर बाउरी ने कहा कि विधायक ढुल्लू महतो काे पुलिस आतंकी की तरह परेशान कर रही है। वह जन प्रतिनिधि हैं। उनका विशेषाधिकार है। उन पर मर्डर या आतंकवादी होने का कोई चार्ज नहीं है। लेकिन पुलिस दिन-रात उन्हें परेशान करने में लगी है। 200 की संख्या में पुलिस रात में उनके घर पर जाती है। वे विधानसभा भी नहीं आ पा रहे हैं। अमर बाउरी ने शुक्रवार काे यह मामला सदन में उठाया। उन्हाेंने कहा कि ढुल्लू महताे कोई क्रिमिनल नहीं हैं कि पुलिस इतनी तत्परता से काम कर रही है। उनके समर्थकाें काे पुलिस पहले पूछताछ के लिए ले जाती है, फिर उन पर एफअाईअार दर्ज की जाती है। इस वजह से उनके पूरे परिवार और उनके समर्थकों के बीच भय बना हुआ है, इसलिए पुलिसिया कार्रवाई को रोका जाए। उन्हाेंने स्पीकर से कहा कि ढुल्लू महताे भी इसी सदन के सदस्य हैं। एेसे में स्पीकर काे उन्हें संरक्षण देना चाहिए।