- Hindi News
- National
- Khuti News Police Raid In Gujarat39s Kunwar Ravindra Keshari Ashram No Success
गुजरात के कुंवर रवींद्र केशरी आश्रम में पुलिस की दबिश, नहीं मिली सफलता
खूंटी समेत कई जिलों को विगत तीन वर्षों से पत्थलगड़ी आंदोलन से अस्त व्यस्त करने वाले गुजरात के कुंवर रवींद्र केशरी के आश्रम में झारखंड पुलिस ने दबिश दी है। इसके लिए विशेष शाखा के डीएसपी कपिंदरु उरांव, निरीक्षक शशि भूषण, खूंटी के पुलिस निरीक्षक दिग्विजय सिंह, चाईबासा जिले के पुलिस निरीक्षक केदार प्रसाद के नेतृत्व में दस सदस्यी टीम 4 मार्च को गुजरात रवाना हुई थी। टीम ने गुजरात के ताजिब्यारा जिला स्थित कटासवान के सति पति पंथ के मुख्यालय का दौरा कर वहां दिये जा रहे प्रशिक्षण का जायजा लिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार टीम को वैसे तो खास सफलता नहीं मिली। लेकिन इस दौरान टीम ने आसपास के थानों मे भी सति पति पंथ के मुख्यालय से संबंधित जानकारी प्राप्त किया। झारखंड से गई टीम ने सति पति पंथ के मुख्यालय के आय के श्रोतों की भी जांच की। टीम के एक दो दिनों में झारखंड वापस आने की संभावना है। टीम लौटकर रिपोर्ट सौंपेगी।
उसी आधार पर सरकार आगे की कार्रवाई करेगी। गौरतलब है कि पत्थलगड़ी समर्थक गुजरात के इसी कुंवर रविंद्र केशरी को अपना मार्गदर्शक मानते है। पुलिस पहले भी गुजरात का दौरा कर चुकी है। लेकिन इस बार सरकार के विशेष निर्देश पर दस सदस्यीय टीम गुजरात गयी है। गुजरात में कई दिनों तक रहकर कुंवर रविंद्र केशरी के आश्रम का जायजा लिया है। यहां तक की उसके प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी शामिल हुए। बताया गया कि अनजान चेहरा देखकर कुंवर रविंद्र केशरी ने झारखंड से गये टीम को टोका तो इन लोगो ने पुलिसवाला बताया,तो उन्होंने तुरंत जबाब दिया कि आप लोग गुजरात पुलिस नहीं हो सकते है। क्योंकि गुजरात की पुलिस यहां आती ही नहीं है। जिला पुलिस इस संबंध में अभी कुछ कहना नही चाह रही है।