पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंनई दिल्ली. कुख्यात बदमाश काे पकड़ने पहुंची इन्द्रपुरी थाना पुलिस का अमानवीय चेहरा सामने आया है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची। अारोपी बाथरूम में नहा रहा था। पुलिस को देखकर वह भागने लगा। पुलिस ने आरोपी को कपड़े पहनने का मौका नहीं दिया और बाथरूम से नग्न अवस्था में पकड़कर बाहर भीड़भाड़ वाली सड़क से साथ लेकर गई। इतना ही नहीं पुलिस ने थाने तक आरोपी की न्यूड परेड करा दी। पूरे मामले को आरोपी की वकील ने कोर्ट में उठाते हुए आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वकील ने आरोपी की ओर से इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों और एलजी अनिल बैजल से भी की है। उधर, पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी को कपड़े दिए गए थे, लेकिन उसने पुलिस के साथ सहयोग नहीं किया। आरोपी भाग न जाए, इसलिए पुलिस को उसे ऐसे ही थाने ले जाना पड़ा।
पत्नी तौलिया लेकर पुलिसवालों के पीछे दौड़ती रही
- घटना की सबसे खास बात यह थी कि जब आरोपी की नग्न अवस्था परेड कराई जा रही थी उस वक्त उसकी पत्नी एक तौलिया लेकर पुलिसकर्मियों के पीछे दौड़ती नजर आ रही है।
- पत्नी का आरोप है कि उसने पुलिस से गुहार भी लगाई कि उसके पति को तौलिया पहना दिया जाए पर पुलिस टीम ने उसकी नहीं सुनी।
यह है मामला...गैर जमानती वारंट जारी था
- आरोपी के खिलाफ ट्रेस पासिंग के एक मामले में दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी हुआ था।
- पुलिस उसी वारंट के तहत उसे गिरफ्तार करने जेजे कॉलोनी के घर में पहुंची थी। तब आरोपी बाथरूम में नहा रहा था।
पुलिस की सफाई - आरोपी को कपड़े पहनने का पूरा मौका दिया
- पश्चिमी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त विजय कुमार ने बताया कि आरोपी को पुलिस पकड़ने पहुंची तो आरोपी छत के रास्ते भागने लगा लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
- उसके बाद पुलिस आरोपी को गाड़ी तक लाई और कपड़े पहनने का पूरा मौका दिया लेकिन आरोपी सहयोग नहीं कर रहा था और न ही कपड़े पहन रहा था।
- वायरल वीडियो में भी देखा जा सकता है। पुलिस उसके पीछे-पीछे है और वह भागने का प्रयास कर रहा है।
आरोपी ने धमकी दी थी- मैं कपड़े उतार दूंगा और बार-बार तौलिया हटाने की कोशिश भी की थी
- पुलिस उपायुक्त विजय कुमार के मुताबिक ये 3-4 दिन पुराना मामला है। कोर्ट ने आरोपी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था।
- बहुत दिनों से वह मिल नहीं रहा था। जब उसकी जानकारी मिली तो पुलिस उसके घर पहुंची। उसने भागने का प्रयास किया लेकिन जब पुलिस पीछे नहीं हटी तो उसने कहा कि मैं कपड़े उतार दूंगा और तौलिए में आ गया। फिर भी पुलिस ने उसे काबू में किया और जो तौलिया उसने पहना था, उसे ठीक भी किया।
- मगर आरोपी ने रास्ते में बार-बार कपड़ा खोलने की कोशिश की। पुलिस ने इस मामले में कानून के हिसाब से ही कदम उठाया।
हद देखिए...मौके पर महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद थीं
- घरवालों का आरोप है कि पुलिस ने उसे बाथरूम से पकड़ने के बाद कपड़े पहनने तक का मौका तक नहीं दिया।
- पुलिसकर्मी उसे नग्न अवस्था में ही घर से बाहर लेकर आ गए और थाने ले जाने लगे। पुलिस की यह हरकत सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।
- सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि जिस वक्त आरोपी की नग्न अवस्था में परेड कराई गई उस वक्त पुलिसकर्मियों के अलावा वहां महिला पुलिसकर्मी भी थीं।
- यही नहीं सड़क पर कई लोगों के साथ-साथ बच्चे और महिलाएं भी दिल्ली पुलिस का ये तमाशा देख रहे थे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.