पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Political Leaders Of Chhattisgarh On Karnataka Assembly Election Results

छत्तीसगढ़ : कर्नाटक विधानसभा चुनाव परिणाम से सभी खेमों में बदला माहौल

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रायपुर.   कर्नाटक के नतीजों को लेकर प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। भाजपा उत्साह से लबरेज है। कांग्रेस को झटका लगा है। वहीं जोगी कांग्रेस इस बात से उत्साहित है कि जनता दल सेकुलर को जिस तरह से कर्नाटक में सफलता मिली है उसी प्रकार यहां जोगी कांग्रेस को फायदा होगा। यानी कर्नाटक के नतीजों से तीन तरह के सुर छत्तीसगढ़ में बन गए हैं।

 

भाजपा ने 65 प्लस सीटें जीतने की रणनीति पहले से तैयार की है लेकिन हाल में उपचुनावों में भाजपा की हार के बाद कांफीडेंस थोड़ा लड़खड़ाया था। लेकिन कर्नाटक चुनाव ने भाजपा खेमे में माहौल बदल दिया है। कांग्रेस की चुनावी तैयारियों पर नए सिरे से चर्चा करने की बात हो रही है। लिहाजा इस बात के पूरे संकेत हैं कि दिसंबर में होने वाले चुनाव में यहां त्रिकोणीय संघर्ष होगा।  

 

अब कांग्रेस खोजो यात्रा निकालनी पड़ेगी: रमन

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कांग्रेस की विकास खोजो यात्रा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अब तो यहां कांग्रेस खोजा यात्रा निकालनी पड़ेगी। कर्नाटक के नतीजों के बाद अब यह भी तय हो गया है कि छत्तीसगढ़ में भाजपा चौथी बार सरकार बनाने जा रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष का दिया टारगेट 65 प्लस हम शत-प्रतिशत पूरा करेंगे।  विकास यात्रा के दौरान मैं ने महसूस किया कि लोग जिस तरह सरकार की योजनाओं का समर्थन कर रहे और भरोसा जताते हुए सभाओं में आ रहे हैं यह सरकार के कामकाज पर मुहर व सहमति है। हम सोच भी नहीं सकते कि दंतेवाड़ा में 50 हजार लोग जुटते हैं तो नारायणपुर में 35 हजार लोग पहुंचते हैं।   अब तो विकास यात्रा और चार गुना ताकत के साथ आगे बढ़ेगी। अब न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि मध्यप्रदेश और राजस्थान भी फिर से जीतेंगे।

 

 

छत्तीसगढ़ में सामूहिक नेतृत्व से लड़ेंगे : भूपेश  

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने बताया कि जनादेश का सम्मान है। कर्नाटक चुनाव के परिणाम हमारी आशा के अनुरूप नहीं आए हैं। इन परिणामों के पीछे कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के खिलाफ एंटीइंकम्बैंसी एक महत्वपूर्ण कारण था। यही माहौल छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के खिलाफ भी है। कर्नाटक के परिणामों के बाद हमारा यह निश्चय और दृढ़ हुआ है कि कांग्रेस के लिए जीत का पहला अध्याय अब हम छत्तीसगढ़ में लिखेंगे। छत्तीसगढ़ में हम सब की सामूहिक जिम्मेदारी बहुमत लाने की है। भाजपा की हार की शुरुआत छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान से ही होगी।

 

 

माेदी मैजिक क्षेत्रीय दल कम करेंगे: जोगी

जनता कांग्रेस छत्तीगढ़ के अध्यक्ष अजीत जोगी ने बताया कि कर्नाटक में भाजपा बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। यह कांग्रेस और राहुल गांधी की बड़ी हार है। राहुल बेअसर नेता हो गए हैं। देश में मोदी मैजिक चल रहा है। कांग्रेस की हालत बेहद दयनीय है। यह पार्टी अब देश में अप्रासंगिक हो चली है। कांग्रेसमुक्त भारत साफ  दिख रहा है। कर्नाटक में अब गेंद राज्यपाल के पाले में है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस मुकाबले में ही नहीं है। यहां भाजपा और जनता कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होगा। जनता कांग्रेस ही छत्तीसगढ़ में सरकार बनाएगी।

खबरें और भी हैं...