- Hindi News
- National
- Zirakpur News Power Grid Corporation Breaks Road Dozens Of Times In 2 Years
पावर ग्रिड कार्पोरेशन की वजह से 2 साल में दर्जनों बार टूट गई सड़क
जीरकपुर में चंडीगढ़-अंबाला हाईवे से गाजीपुर रोड का बड़ा हिस्सा बारिश के बाद बैठ गया है। न सिर्फ सड़क बल्कि यहां एक मकान में भी दरारें आ गई हैं। यह नुकसान पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन की वजह से हो रहा है। चंडीगढ़ के हल्लोमाजरा में बनने वाले पावर ग्रिड के लिए जीरकपुर से अंडरग्राउंड केबल डाली जा रही है। अंडरग्राउंड केबल डालने का काम तो पूरा हो गया लेकिन जगह-जगह सड़क अब बैठने लगी है। यहां मैरीलैंड होटल के पिछले हिस्से में जमुना एन्क्लेव रोड पर इतने गहरे गड्ढे पड़ गए हैं कि यहां स्कूल बसें और लोगों की गाड़ियां फंस रही हैं। जमुना एन्क्लेव सहित इसके आसपास की दर्जन से अधिक रिहायशी कॉलोनियों के लोगों का आराेप है कि पिछले दो साल से यह परेशानी बनी हुई है। पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ने यहां केबल डाल दी। इस काम में भी दो साल से ज्यादा समय हो गया। बार-बार सड़क तोड़ी, फिर उसे बनाया नहीं गया। जीरकपुर एमसी भी लोगों की परेशानी नहीं समझ रही है। एमसी को चाहिए कि पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन के अधिकारियों के साथ बैठकर यहां सड़क बनाने के काम को लेकर मीटिंग कर इस काम को पूरा किया जाए।
गुलशन कुमार अरोड़ा निवासी ने कहा कहा कि जीरकपुर से गाजीपुर के अलावा एमसी ऑफिस जाने के लिए भी यह मुख्य रोड है। यहां कई बार गाड़ियां फंस रही हैं और अब सड़क बैठ रही है। ऐसे हालात में नगर परिषद को साेचना चाहिए कि यहां किसी एक्सीडेंट में किसी की जान न चली जाए। यहां एक मकान को भी दरारें आई हैं जो बड़ा नुकसान है।
सड़क बनाने का काम किया जाएगा। पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ने जहां भी सड़कें तोड़ी हैं, उस जगह सड़क बनाने के लिए पैसा भी खर्च करेगी।
-मनवीर सिंह गिल, ईओ
सड़क के साथ साथ मकानों में भी दरारें आ गई हैं।
गाजीपुर रोड का बड़ा हिस्सा बारिश के बाद बैठ गया