पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंमोहाली. पंजाब स्टेट वुमन कमीशन की चेयरपर्सन मनीषा गुलाटी ने मोहाली के एसएसपी कुलदीप सिंह चहल पर उनसे अभद्र भाषा में बात करने का आरोप लगाया है। मनीषा गुलाटी ने शिकायत में कहा कि एक महिला से हुए रेप केस के मामले में फोन किया था, लेकिन एसएसपी ने ऊंची आवाज में बात की। कहा कि ‘तू होती कौन है पुलिस से स्टेटस रिपोर्ट पूछने वाली’। चेयरपर्सन गुलाटी ने इसकी शिकायत केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल पंजाब वीपी सिंह बदनोर और सीएम पंजाब कैप्टन अमरिंदर सिंह को की है।
कहा- क्या तुम नहीं जानती कि कोई भी पुलिस की जांच में दखल नहीं दे सकता
- अमृतसर की रहने वाली मनीषा गुलाटी ने शिकायत में कहा कि 20 दिन पहले रेप पीड़ित एक महिला उनके पास आई थी। पीड़ित ने बताया कि वह एसएसपी आॅफिस के चक्कर काट-काट कर थक गई है। जब भी एसएसपी के आॅफिस जाती है तो उसे रीडर के पास भेज दिया जाता है।
- पूरा मामला जानने के बाद एसएसपी चहल को फोन कर कार्रवाई के लिए कहा। 18 मई को पीड़ित फिर से कमीशन के आॅफिस आई और कहा कि मामले में केस दर्ज ही नहीं हुआ।
- गुलाटी ने कहा कि जब एसएसपी से इस केस की स्टेटस रिपोर्ट के बारे में पूछा गया तो वे ऊंची आवाज में चीखकर उनसे बात करने लगे। कहा कि ‘तुम कौन होती है मुझसे स्टेटस रिपोर्ट पूछने वाली, तुम पुलिस पर नाजायज दबाव बना रही हो। क्या तुम नहीं जानती कि कोई भी पुलिस की जांच में दखल नहीं दे सकता’।
- एक आईपीएस आॅफिसर की जुबां से फोन पर ऐसी अभद्र भाषा सुनकर उनके रौंगटे खड़े हो गए। जो एसएसपी पंजाब स्टेट वुमन कमीशन की चेयरपर्सन से इस तीरके से बात करता हाे, वह आॅफिस आने वाली पीड़ित महिलाओं से कैसा सलूक करता होगा?
डीजीपी अरोड़ा से भी मिलीं गुलाटी
मनीषा गुलाटी सोमवार शाम डीजीपी पंजाब सुरेश अरोड़ा से भी मिली। उन्होंने डीजीपी को बताया कि एसएसपी द्वारा कैसा व्यवहार किया गया है। मनीषा ने बताया कि डीजीपी ने पूरी बात सुनने के बाद कहा कि वे इस मामले में एसएसपी से बात करेंगे।
मैंने कुछ नहीं कहा, मैडम खुद ऊंची आवाज में बोल रही थीं
एसएसपी चहल ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि वे कभी भी किसी से ऊंची आवाज में बात नहीं करते। मैडम गुलाटी खुद ऊंची आवाज में बात कर रही थीं। उनसे हुई बातचीत में कहीं भी तू का इस्तेमाल नहीं किया। चहल ने कहा कि उन्हें लगा कि चेयरपर्सन स्पीकर ऑन कर बात कर रही थीं। कोई अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं किया गया। वे महिलाओं का पूरा सम्मान करते हैं। किसी प्रकार से महिलाओं के मामले में काेई लापरवाही न हो, इसके लिए स्पेशल निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी बोलते थे रीडर के पास चले जाओ: पीड़ित
रेप केस पीड़ित ने आरोप लगाया था कि जगमीत सिंह नामक युवक ने शादी का झांसा देकर 5 साल तक रेप किया और अब छोड़कर चला गया है। इस कारण पति से तलाक भी हो गया। इस मामले को लेकर वे एसएसपी के पास शिकायत देने गई थी। एसएसपी ऑफिस में जब भी जाती तो उसके साथ बड़ा अभद्र व्यवहार किया जाता और उसकी कोई सुनवाई नहीं होती थी। एसएसपी भी उनके साथ अभद्र व्यवहार से पेश आते थे और कहते थे जाओ उनके रीडर से मिल लो। पिछले दो महीनों से उनके साथ ऐसा ही चल रहा था।
पूरे पंजाब की महिलाओं का अपमान किया: परमजीत
कमीशन की पूर्व चेयरपर्सन एवं एसजीपीसी मेंबर परमजीत कौर लांडरां ने मौजूदा चेयरपर्सन के साथ हुई इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि एसएसपी ने पूरे पंजाब की महिलाओं का अपमान किया है। जो माफी के काबिल नहीं है। आईपीएस अफसर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। कमीशन खुद किसी को भी अपने समक्ष तलब कर सकता है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.