झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे व तीसरे चरण में होने वाले मतदान को लेकर रांची जिला के सभी सात विस के लिए पोलिंग पार्टी वाइज तीसरे चरण के ट्रेनिंग जारी है। मंगलवार को संत जॉन्स स्कूल में रांची और तमाड़ के 789 पोलिंग पार्टी को ट्रेनिंग दी गई। वहीं, रांची विस के मतदान कर्मियों को विशेष रूप से बूथ ऐप की ट्रेनिंग दी गई। बूथ एेप से संबंधित टेक्निकल एक्सपर्ट की टीम मतदान कर्मियों को बूथ ऐप की बारीकियों की जानकारी दी। सवालों के जवाब भी दिए। रांची विस के निर्वाची पदाधिकारी सह सदर एसडीओ लोकेश मिश्रा ने कहा कि बूथ एेप का ज्यादा से ज्यादा लाभ लोगों को मिल सके, इसके लिए ध्यान देने को कहा।
क्या होगा बूथ एेप से फायदा
झारखंड विधानसभा चुनाव से पहली बार बूथ एेप का इस्तेमाल किया जा रहा है। राज्य भर में करीब 15 बूथों में इस्तेमाल किया जाना है, इसमें रांची विस भी शामिल है। यहां के वोटरों को क्यूआर कोड युक्त फोटो वोटर्स स्लिप वितरित किया जा रहा है। इस वोटर्स स्लिप के साथ मतदान के दिन बूथ पहुंचने पर बीएलओ फोटो वोटर्स स्लिप के क्यूआर कोड का स्कैन करेंगे, जिससे मतदाता से संबंधित सारी जानकारी मिल जाएगी। इससे मतदान के पूर्व पूरी की जाने वाली प्रक्रिया में कम समय लगेगा। साथ ही मतदान कर्मियों को भी सहूलियत होगी। ऐप के रियल टाइम में प्रतिवेदन भेजा जा सकेगा। पीठासीन पदाधिकारी इससे डायरी ऑनलाइन अपलोड भी कर सकेंगे। इसके अलावा वोटर्स टर्न आउट से जुड़ा रियल टाइम डाटा भी ऐप पर उपलब्ध होगा।
महिला बूथ की मतदान पदाधिकारियों को दी गई ट्रेनिंग
रांची के 7 विस के 603 मतदान कर्मियों ने किया पोस्टल मतदान
रांची जिले के सभी 7 विधानसभा क्षेत्र के चुनाव कार्य में लगाए गए मतदान कर्मियों के पोस्टल मतदान को लेकर संत जॉन्स स्कूल और पुलिस लाइन रांची में सुविधा केंद्र बनाया गया था। मंगलवार को पुलिस लाइन में तमाड़ और मांडर के लिए बनाए गए सुविधा केंद्र में कुल 10 कर्मियों ने मतदान किया। इसमें तमाड़ विधानसभा के दो और मांडर के 8 कर्मी शामिल हैं। संत जॉन्स स्कूल के सुविधा केंद्र में 593 पोस्टल मतदान हुए। सबसे अधिक 295 पोस्टल मतदान कांके विस क्षेत्र के लिए हुआ। सबसे कम 23 मतदान रांची विस के लिए किया गया। कांके - 295, सिल्ली- 158, खिजरी-61, हटिया- 56, रांची- 23, मांडर- 8, तमाड़- 2।
मतदाता जागरुकता के लिए रैप शो में कलाकारों ने बताई वोट की अहमियत
मतदाता जागरुकता के लिए स्वीप तहत जेडी हाई स्ट्रीट माॅल कैंपस में मंगलवार को रैप शो का आयोजन किया गया। रांची हिपहॉप के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से लोगों को झुमाया। साथ ही वोट की अहमियत भी बताई। ग्रुप की ओर से एमसी स्पैज, हर्ष सोनी, एजे स्टार, लिल फोइनिक्स, अजीत और राॅनी द रैपर ने प्रस्तुति दी। इस दौरान सिटी की इलेक्शन एंबेसडर आरजे शानवी ने लोगों से वोटिंग कर राजधानी को आगे ले जाने की अपील की। उपस्थित लोगों को बताया गया कि अगर कोई उम्मीदवार पसंद नहीं तो नोटा का इस्तेमाल करें, लेकिन वोट जरुर दें। विधानसभा क्षेत्रों के सामान्य एंव पुलिस प्रेक्षक, स्वीप कोषांग के वरीय प्रभारी और नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे। सामान्य प्रेक्षकों ने कार्यक्रम के दौरान लोगों को बताया कि मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में आप अपने बहुमूल्य वोट का अवश्य उपयोग करें।
रांची जिले के 21 महिला बूथ संचालित बूथों की मतदान पदाधिकारियों को भी मंगलवार को दूसरे फेज की ट्रेनिंग दी गई। कुल 99 पदाधिकारियों को ट्रेनिंग दी जानी थी, 87 पहुंचे और 12 पदाधिकारी अनुपस्थित रहे। इधर, रांची-मांडर विस के 789 पोलिंग पार्टी में शामिल 3156 पदाधिकारियों में 3022 पदाधिकारी पहुंचे। 134 पदाधिकारी अनुपस्थित रहे। जबकि, सभी सात विस के माइक्रो ऑब्जर्वर को भी ट्रेनिंग दी गई। कुल 243 में 227 उपस्थित हुए और 16 अनुपस्थित रहे।