पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंहटिया/रांची. नगर निकाय चुनाव को लेकर जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में रविवार को दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। हमले में दो लोगों का सिर फूट गया, जिसमें एक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 37 स्थित राजकीयकृत मध्य विद्यालय जगन्नाथपुर परिसर का है।
स्थानीय लोगों के अनुसार वार्ड 37 के प्रत्याशी गौरीशंकर यादव और कृतिका कुमारी के समर्थकों के बीच हुई झड़प में न्यू कॉलोनी निवासी राजेश उरांव व भूतपूर्व सैनिक मनोज यादव पर हमला किया गया। सैप के एक जवान ने बताया कि दूसरी बेला में एक-दूसरे पर बोगस मतदान की कोशिश का आरोप लगाते हुए दोनों गुटों में झड़प हो गई। अतिरिक्त पुलिस बल घटनास्थल पर काफी देर से पहुंचा, तब तक मामला काफी बढ़ गया था।
लंबे कद के युवा ने बहुत परेशान किया
घटना के बीच एक लंबे कद के युवा ने बहुत परेशान किया। वह बार-बार बैट उठा कर भीड़ की तरफ दौड़कर आ जाता था। जब लोग बीच बचाव कर रहे थे, तब उसी युवक ने सिर पर बैट से दे मारा। इससे राजेश और मनोज गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को ही प्रशासन द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार एक ऑटो में पहले से ही बड़ी संख्या में लाठी, डंडे तथा कुछ पारंपरिक हथियार रखे हुए थे।
महिला को पहले थाने ले गए, फिर छोड़ा
घटनास्थल पर मौजूद आशा तिवारी ने बताया की किसी को मारने की बात चलने लगी। इस बात पर उनकी बहन वार्ड नंबर 37 की प्रत्याशी रेणु त्रिवेदी ने प्रशासन को फोन कर पूरी जानकारी दी। लेकिन, एसडीएम के आने के बाद किसी की बात नहीं सुनी गई और रेणु को तत्काल हिरासत में ले लिया गया। रेणु ने पुलिस को काफी समझाया कि उन्होंने ही हंगामा देख प्रशासन को फोन किया था। बाद में महिला पुलिस रेणु को उठा कर थाने ले गई। देर शाम उन्हें छोड़ा गया।
एसडीओ के आने के बाद पोलिंग एजेंटों की पिटाई
बूथ में कुछ लोगों के हंगामे के कारण मामला खराब हुआ और लोग आपस में ही मारपीट पर उतारू हो गए। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम अंजलि यादव घटनास्थल पर पहुंचीं। उस समय तक मामला लगभग शांत हो चुका था। उन्होंने माइक पर बार-बार अनाउंस कर लोगों को चेतावनी दी कि हुड़दंग करने वालों को तत्काल गिरफ्तार किया जाएगा। इसके बाद उनके आदेश से पुलिस द्वारा बूथ के बाहर कैंप लगाए बैठे पोलिंग एजेंटों को जमकर पीटा गया। लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। पुलिस वालों ने भीड़ पर जमकर लाठी चार्ज किया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.