पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

राहुल का मोदी पर निशाना- मोदी की लड़ाई भ्रष्टाचार के खिलाफ नहीं, प्रधानमंत्री खुद भ्रष्टाचार हैं

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नई दिल्ली: कर्नाटक में बीएस येदियुरप्पा के इस्तीफे के बाद राहुल गांधी ने भाजपा पर विधायकों की खरीद-फरोख्त करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा नरेंद्र मोदी की लड़ाई भ्रष्टाचार के खिलाफ नहीं, प्रधानमंत्री खुद भ्रष्टाचार हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने कर्नाटक और इससे पहले गोवा और मणिपुर में जनादेश का अपमान किया।


येदियुरप्पा और भाजपा विधायकों ने राष्ट्रगान का अपमान किया
- राहुल गांधी, ''भाजपा विधायक और स्पीकर राष्ट्रगान खत्म होने से पहले चले गए। इसे हर किसी ने देखा। ऐसी गलतियां भाजपा और आरएसएस हमेशा करता आया है। मोदी और अमित शाह ने कर्नाटक, गोवा और मणिपुर के जनादेश का अपमान किया। लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश की। देश में सब कुछ पैसा और भ्रष्टाचार नहीं है। मेरी देवेगौड़ा जी और कांग्रेस के साथियों को बधाई।''

भाजपा के अहंकार का अंत हुआ
- ''भाजपा को सोचना चाहिए कि उनके अहंकार का अंत हो गया है। उन्होंने हमारे और जेडीएस विधायकों को खरीदने की कोशिश की। उन्होंने सब कुछ किया कि कैसे भी विधानसभा में क्रॉस वोटिंग कराएं, पर वे कामयाब नहीं हो सके।''

प्रधानमंत्री लोकसभा-विधानसभा और सुप्रीम कोर्ट से बड़े नहीं हैं
- राहुल ने आगे कहा, "मेरा प्रधानमंत्री को संदेश है कि वे इस देश की लोकसभा, विधानसभा और सुप्रीम कोर्ट से बड़े नहीं हैं। आरएसएस क्यों देश की संस्थाओं का सम्मान नहीं करती है।" 
- "हमने कर्नाटक की जनता की आवाज की रक्षा की है। भाजपा के पास बहुमत होता तो वह सरकार बना लेती। कर्नाटक की जनता उनके साथ नहीं है।"
- "हम हर प्रदेश में जनता की आवाज की रक्षा करेंगे। जहां भी सरकार देश की संस्थाओं को दबाने की कोशिश करेगी। हम सब मिलकर भाजपा को हराएंगे।"

देश की सारी शक्तियां मोदी के पास
- कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला के इस्तीफे को लेकर किए गए सवाल पर राहुल ने कहा, "वो इस्तीफा दें या नहीं, यह दूसरा मुद्दा है। देश की सारी शक्तियां तो प्रधानमंत्री मोदी के पास हैं।"

भाजपा ने कहा- लोग कहेंगे राहुल का दिमागी संतुलन ठीक नहीं
- केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार ने राहुल गांधी के बयान पर कहा, ''प्रधानमंत्री के बारे में वह (राहुल गांधी) क्या कह रहे हैं? ये वही पीएम हैं, जिन्होंने साबित किया कि घोटाला मुक्त सरकार कैसे चलाई जाती है। अगर वे ऐसे आरोप लगाएंगे तो देश की जनता कहेगी कि वे दिमागी संतुलन खो चुके हैं।''