पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंनई दिल्ली. कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी की येदियुरप्पा सरकार गिरने के बाद विपक्ष और खासकर कांग्रेस हमलावर हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने तो साफ तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी चीफ अमित शाह पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी ने विधायकों की खरीद-फरोख्त की कोशिश की। उन्होंने कहा कि मोदी और अमित शाह ने पहले गोवा और मणिपुर में जनादेश का अपमान किया और अब वो कर्नाटक में यही करने की कोशिश कर रहे थे। बीजेपी नेता अनंत कुमार ने राहुल गांधी के बयान की निंदा की।
राहुल गांधी ने क्या कहा?
- न्यूज एजेंसी के मुताबिक, राहुल गांधी ने कहा- प्रधानमंत्री ने खुलेआम कर्नाटक में विधायकों की खरीद-फरोख्त की मंजूरी दी। वो इस देश को क्या संदेश देना चाहते हैं। क्या आपने कर्नाटक विधानसभा में हुई बातों को नोटिस किया। वहां, राष्ट्रगान के पहले ही बीजेपी विधायक और स्पीकर चले गए। सच्चाई ये है कि बीजेपी और आरएसएस देश की संस्थाओं का सम्मान नहीं करते। देश में सब कुछ पैसा और भ्रष्टाचार नहीं है। मेरी देवेगौड़ा जी और कांग्रेस के साथियों को बधाई।
कामयाब नहीं हुई भाजपा
- राहुल गांधी ने कहा- भाजपा को सोचना चाहिए कि उनके अहंकार का अंत हो गया है। उन्होंने हमारे और जेडीएस विधायकों को खरीदने की कोशिश की। लेकिन वो अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए।
- राहुल ने आगे कहा, “मेरा प्रधानमंत्री को संदेश है कि वे इस देश की लोकसभा, विधानसभा और सुप्रीम कोर्ट से बड़े नहीं हैं। आरएसएस क्यों देश की संस्थाओं का सम्मान नहीं करती है। हमने कर्नाटक की जनता की आवाज की रक्षा की है। भाजपा के पास बहुमत होता तो वह सरकार बना लेती। कर्नाटक की जनता उनके साथ नहीं है। हम हर प्रदेश में जनता की आवाज की रक्षा करेंगे। जहां भी सरकार देश की संस्थाओं को दबाने की कोशिश की जाएगी। हम सब मिलकर भाजपा को हराएंगे।”
मायावती ने क्या कहा?
- बसपा चीफ मायावती ने कहा- ये भाजपा के लिए बड़ा झटका है क्योंकि वो 2019 लोकसभा चुनाव की तैयारी कर रहे थे। उनका प्लान फेल हो गया है।
- वहीं, भाजपा के अनंत कुमार ने कहा- राहुल गांधी प्रधानमंत्री के लिए क्या कह रहे हैं? ये वो प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने एक ऐसी सरकार देश को दी है जिसमें कोई घोटाला नहीं हुआ। अगर वो ऐसे आरोप लगाते हैं तो लोग सोचेंगे कि उन्होंने दिमाग पर नियंत्रण खो दिया है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.