पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरायपुर. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भले ही दो दिन तक छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहे हों लेकिन इन दो दिनों में लगातार 20 से ज्यादा बार कर्नाटक के नेताआें से बातकर उन्हें टिप्स देते रहे। कई बार उन्हें फोन पर बात करते भी देखा गया। यानि कर्नाटक में कांग्रेस व जेडीएस के बीच नेताआें की अहम कड़ी और भाजपा की चाल को नाकाम करने वाले गेमचेंजर राहुल गांधी ही रहे हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ में इस बात का उल्लेख भी किया था कि भाजपा के नेता जेडीएस विधायकों को खरीदने के लिए 100 करोड़ तक का आॅफर दे चुके हैं।
कर्नाटक में जिस तरह से भाजपा को पटखनी मिली है, उसके पीछे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को ही गेमचेंजर माना जा रहा है, क्योंकि पूरी रणनीति उन्हीं की थी। हालांकि कर्नाटक में दो दिनों तक इतनी बड़ी राजनीतिक उठापटक होने के बाद भी जिस सहजता से राहुल गांधी के चेहरे पर मुस्कान थी, उससे साफ समझा जा सकता था कि वे कर्नाटक में जेडीएस के साथ मिलकर सरकार बनाने को लेकर पूरी तरह से आशान्वित थे। सभाओं में उनके बयानों से यह भी संकेत मिले कि कांग्रेस-जेडीएस विधायक भाजपा से डरे हुए हैं, इसलिए उसे समर्थन देने का सवाल ही नहीं उठता।
सीएम बताएं, अच्छा कोच कौन: भूपेश
पीसीसी चीफ भूपेश बघेल ने बताया कि राहुल गांधी ने एक-दो बार नहीं, बल्कि कई बार कर्नाटक के नेताआें को फाेन पर ही टिप्स देते रहे। बघेल ने कहा कि उन्होंने यहां बैठे-बैठे ही भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की पटखनी दे दी। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के उस बयान पर भी कटाक्ष किया कि अब वे बताएं कि अच्छा कोच कौन है?
कर्नाटक में जीत पर कांग्रेस भवन में रौनक, भाजपा कार्यालय में सन्नाटा
कर्नाटक में भाजपा सरकार गिरने पर कांग्रेस भवन में आतिशबाजी की गई, वहीं भाजपा कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विकास उपाध्याय ने कहा कि आज बीजेपी सरकार हर तरफ लोकतंत्र को दबाने में लगी हुई है, जनता के अधिकारों का हनन कर रही है। कांग्रेस जनता के साथ खड़ी है। कार्यक्रम में प्रदेश मीडया विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी, सुशील आनंद शुक्ला,महेंद्र छाबड़ा एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.