पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंबिलासपुर. एआईसीसी प्रेसिडेंट राहुल गांधी 17 और 18 मई के दौरे में छह जगह जाएंगे। आखिरी दिन दुर्ग से रायपुर के रोड शो को छोड़कर कोटमी (मरवाही) और सीतापुर (अंबिकापुर) की सभा क्रमश:आदिवासी और किसानों पर केंद्रित होगी। बिलासपुर और दुर्ग में बूथ मैनेजमेंट की बैठक और रायपुर में चार राज्यों के प्रतिनिधियों का पंचायतीराज सम्मेलन होगा। जाहिर है कि छह कार्यक्रमों में राहुल किसान और आदिवासियों को साधेंगे।
कांग्रेस की पकड़ से छूट रहे गांवों को पाले में लेने राजीव गांधी द्वारा लाए गए पंचायतीराज संशोधन को लागू पर जोर देंगे। इन सबके बीच कोटमी के कार्यक्रम को खास अहमियत दी जा रही है। जिले में पार्टी को मजबूत करने के लिए इसके मायने भी हैं। असंतुष्टों के साथ छोड़ने के बाद कोटा, मरवाही और बिल्हा में फतह की दृष्टि से यह जरूरी भी है। तीनों सीटें कांग्रेस की रहीं, इसलिए दौरे की रणनीति वोट बैंक बढ़ाने पारंपरिक किसान, आदिवासी और देहात को केंद्र में रखकर बनाई गई।
पेंड्रा की सभा कोटमी में इसलिए रखी
जानकारों का कहना है कि राहुल गांधी की सभा पेंड्रा में होनी थी पर सियासत के माहिर खिलाड़ी पूर्व मुख्यमंत्री और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़(जे) के नेता अजीत जोगी ने अपनी सभा के लिए फिजिकल कालेज ग्राउंड पहले ही ले लिया। पार्टीजनों को कोटमी स्कूल का वह मैदान मिला, जहां जोगी ने मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली सभा की थी। दूसरी बार उन्होंने नई पार्टी बनाने का एलान भी यहीं से किया था। मनेंद्रगढ़, तानाखार, कोटा, कोरिया, बिलासपुर और कोरबा की ओर से आने वाले रास्ते यहीं मिलते हैं, इसलिए पहुंचने वालों की सुविधा का ख्याल करके इसे तवज्जो दिया।
इधर दुर्ग में 18 को फोरलेन पर छह घंटे रैली, 1 बजे से भारी वाहनों की इंट्री बंद
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 18 मई को दुर्ग पहुंच रहे हैं। उनकी रैली के लिए कांग्रेस ने तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही सिक्योरिटी लेवल से भी तैयारी की जा रही है। राहुल गांधी करीब 6 घंटे तक नेशनल हाइवे में रैली करेंगे। इस दौरान हाइवे 6 घंटे के लिए बाधित रहेगा। दोपहर 1 बजे से दुर्ग आने वाले सभी भारी वाहनों को रोक दिया जाएगा। वहीं शाम 4 बजे से रायपुर जाने वाला रूट सील हो जाएगा। इसलिए रायपुर जाने आपको वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी। अलग-अलग जगहों पर हैवी वाहनों को रोककर रखा जाएगा। सोमवार को एसपी डॉ. संजीव शुक्ला ने सभास्थल का मुआयना किय। मंगलवार को व्यवस्था देखने एसपीजी की टीम आ सकती है।
एक नजर राहुल के रूट पर...
अब तक राहुल गांधी का फाइनल शेड्यूल तय नहीं है। एआईसीसी से जो जानकारी भेजी गई है, उसके मुताबिक राहुल 18 मई को दोपहर 1 बजे दुर्ग पहुंचेंगे। बूथ कमेटी के सदस्यों से चर्चा करने रविशंकर स्टेडियम पहुंचेंगे। वहां से स्टेडियम के मुख्य द्वार से होते हुए चौपाटी, गौरवपथ, आदर्श स्कूल, होते हुए पहले महात्मा गांधी पुतला हिंदी भवन के पास पहुंचेंगे।
दुर्ग में गांधी और सरदार पटेल को दूर से तो भिलाई पॉवर हाउस में आंबेडकर को हाथ से माला पहनाएंगे राहुल
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के 18 मई को दुर्ग आगमन को लेकर मंगलवार की सुबह एसपीजी की टीम दुर्ग पहुंची। टीम ने रविशंकर स्टेडियम में निरीक्षण किया। इस दौरान सीटिंग अरेंजमेंट से लेकर एंट्री से जुड़ी जानकारियां ली। एसपीजी के 8 जवान अभी से स्टेडियम के आसपास सक्रिय हैं। टीम ने तय किया कि, राहुल गांधी हिंदी भवन के सामने स्थित महात्मा गांधी व सरदार वल्लभ भाई पटेल चौक पर स्थापित प्रतिमाओं को बाहर से ही पुष्प अर्पित करेंगे। वहीं पॉवर हाउस चौक पर आंबेडकर प्रतिमा तक जाएंगे।
18 को हेलीकॉप्टर से एसएफ बटालियन में उतरेंगे फिर जाएंगे रविशंकर स्टेडियम
राहुल गांधी का शेड्यूल तय हो गया है। वे 18 मई को दोपहर 1 बजे हेलीकॉप्टर से एसएफ बटालियन उतरेंगे। वहां से सीधे वे सर्किट हाउस जाएंगे। जहां भोजन के साथ कांग्रेस के नेताओं से मिलेंगे। दोपहर करीब 2 बजे रविशंकर स्टेडियम के लिए रवाना होंगे। जहां से साढ़े 3 बजे चौपाटी, गौरवपथ के रास्ते पहले गांधी प्रतिमा तक पहुंचेंगे। वहां से पटेल चौक होते वापस जीई रोड होते हुए वायशेप ब्रिज, नेहरूनगर, सुपेला होते रायपुर जाएंगे।
आयोजन में सुरक्षा होगी पहली प्राथमिकता
ओबीसी प्रकोष्ठ कांग्रेस के दुर्ग व राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद ताम्रध्वज साहू ने बताया कि आयोजन को लेकर संभाग स्तर पर बैठकें जारी हैं। आयोजन को लेकर सुरक्षा पहली प्राथमिकता है। आवश्यक सुझाव व सेफ्टी के आधार पर निर्णय लिए गए।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.