पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

चलती ट्रेन की बोगी में घुसा पटरी का टुकड़ा, एक की मौत, दो की हालत गंभीर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

लखीसराय. बिहार के लखीसराय जिले में शनिवार सुबह करीब चार बजे हुए रेल हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। घटना किउल रेलवे स्टेशन के आउटर के पास हुआ। आउटर सिग्नल होने के चलते ट्रेन की रफ्तार कम थी। ट्रेन में सवार अधिकतर यात्री सो रहे थे तभी एक जोरदार धमाके की आवाज आई और ट्रेन रुक गई। ट्रेन के रुकते ही जनरल बोगी में चीख-पुकार मच गई। बोगी में पटरी का एक हिस्सा घुस गया था, जिसके चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई दो गंभीर रूप से घायल हो गए। 

 

 

डीआरएम ने जताई नक्सली वारदात की आशंका
डीआरएम प्रकाश चंद्र ठाकुर ने आशंका व्यक्त की है कि हादसे के पीछे नक्सलियों की साजिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि पटरी के टुकड़े को किसने पटरी के बीच रखा इसकी जांच हो रही है। हमें राज्य सरकार से लिखित सूचना मिली थी कि यहां पर माओवादी कमांडर अर्जुन गोड़ा घूम रहे हैं। सतर्क रहिए, कुछ एक्टिविटी हो सकती है। यह कल शाम की इनपुट है। और लिखित इनपुट है। मौके पर ब्लास्ट नहीं हुआ था। ब्लास्ट के लिए तो बम लगाना पड़ता। 

 

 

जनरल बोगी में घुसा पटरी का टुकड़ा
पटरी का टुकड़ा रेल लाइन के बीच रखा गया था। मौर्य एक्सप्रेस के ड्राइवर को यह नहीं दिखा। इंजन और अन्य बोगियां निकल गईं, लेकिन जैसे ही जनरल बोगी आई नीचे पड़ा पटरी का टुकड़ा किसी कारणवश उछला और बोगी में घुस गया। चलती ट्रेन की बोगी में पटरी घुसने से धमाके जैसी आवाज हुई और बोगी क्षतिग्रस्त हो गई। 

 

 

पटना रेफर किए गए घायल
मृतक का नाम वैद्यनाथ राय बताया जा रहा है। वे वैद्यनाथ धाम से पूजा कर अपने घर आजमगढ़ लौट रहे थे। वहीं, घायलों के नाम त्रिदेव सहनी और मुकेश कुमार हैं। दोनों को गंभीर हालत में सदर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए डीआरएम और रेलवे के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त बोगी को काटकर ट्रेन को सुबह करीब 6 बजे रवाना किया गया।

खबरें और भी हैं...