राजस्थान : कक्षा 6 से 12 तक के लिए शुरू होंगे कस्तूरबा विद्यालय
राजस्थान : कक्षा 6 से 12 तक के लिए शुरू होंगे कस्तूरबा विद्यालय
देवनानी ने बताया कि नए शिक्षा सत्र से प्री स्कूल से लेकर 12वीं कक्षा तक के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण समावेशी शिक्षा प्रदान की जाएगी। इसके तहत बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने, शिक्षा में सामाजिक एवं लैंगिक असमानता को कम करने, स्कूलों को तय मापदंड के अनुरूप बनाने, स्कूलों में अधिक से अधिक व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने, शिक्षा के अधिकार अधिनियम को कड़ाई से लागू करने जैसे कार्यों पर राज्य सरकार का विशेष फोकस रहेगा।
देवनानी ने बताया कि राज्य में सर्व शिक्षा अभियान, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान और शिक्षक शिक्षण अभियान को इसके तहत एक साथ समाहित कर क्रियान्वित किया जाएगा। साथ ही राज्य में छठी से बारहवीं कक्षा के लिए कस्तूरबा विद्यालय शुरू किए जायेंगे। इस वर्ष शिक्षा का बजट 20 हजार से बढ़ा कर 34 हजार करोड़ किया जा रहा है, जिसे अगले वर्ष बढ़ा कर 41 हजार करोड़ कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार ने राज्य के एसआईईआरटी, डाइट, बीआरसी, सीआरसी को शत प्रतिशत आर्थिक सहायता देने की बात की है। इसके अलावा हर स्कूल को स्वच्छता अभियान, पुस्तकालय व खेलों के विकास के लिए 5-10 हजार रुपये आवंटित होंगे।
देवनानी ने बताया कि राज्य में बीएड पाठ्यक्रम अब दो वर्षीय एकीकृत कोर्स के रूप में क्रियान्वित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विद्यालयों में आधुनिक सूचना-संचार प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने के लिए स्कूलों की कक्षा में अब ब्लैक बोर्ड डिजिटल होंगे।
--आईएएनएस