पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

महिलाकर्मियों के साथ लाइन सुधारने गए संविदा कर्मियों से मारपीट, चार के खिलाफ केस

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

इंदौर.    इस साल महिला दिवस पर बिजली कंपनी के जिस अरण्य नगर जोन को सिर्फ महिला इंजीनियर व स्टाफ के हवाले किया गया, वहां दूसरे जोन के पुरुष कर्मचारियों ने उनके काम में बाधा डाल दी। इतना ही नहीं, महिलाकर्मियों के साथ लाइन सुधारने गए संविदा पर नियुक्त दो हेल्पर से मारपीट भी कर डाली। जान से मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज की। अधिकारियों ने चार पुरुष कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई,  जबकि पांचवें को सस्पेंड कर दिया। 


गुरुवार रात ये हुआ : गुरुवार को तेज हवा के साथ बारिश के कारण स्कीम 136 में केबल बर्स्ट हो गई थी। इससे कई घरों की लाइट चली गई थी। जोन की महिला कर्मचारियों को सुधार के लिए भेजा गया। लेकिन कौन सी लाइन किस फीडर से जुड़ी है और कहां समस्या है, यह समझने के लिए जोन ऑफिस में पूर्व में पदस्थ पुरुष कर्मचारियों को वहां बुलाया गया था।

 

सहायक यंत्री भाग्यश्री दागोड़े ने एफआईआर में आरोप लगाया कि महिला स्टाफ के साथ ऑफिस में संविदा पर कार्यरत दो हेल्पर थे। जब पुरुष स्टाफ वहां आया तो वहां पहुंचे दूसरे पुरुष कर्मचारियों ने महिला स्टाफ के सामने हेल्पर से मारपीट और गाली-गलौज की। कहा तुम यहां सुधार कार्य क्यों कर रहे हो? महिला जोन में काम बेहतर होगा तो पुरुष कर्मचारियों को यहां काम करने का मौका नहीं मिलेगा। इसलिए व्यवस्था ध्वस्त करना जरूरी है। 

 

शुक्रवार रात ये कार्रवाई : अधीक्षण यंत्री सुब्रत राय और अतिरिक्त अधीक्षण यंत्री भूपेंद्र सिंह को इसकी जानकारी लगी तो वे जोन ऑफिस पहुंचे। सारा घटनाक्रम समझा। इसके बाद सहायक इंजीनियर ने लसूड़िया थाने में मनीष सूर्यवंशी, सुरेंद्र यादव, देवेंद्र सिसौदिया  व एक अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। अनार सिंह नामक कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया। 

 

एक माह में ही जोरदार काम कर दिखाया, टारगेट से ज्यादा वसूली, शिकायतों का निपटारा
अरण्य नगर बिजली जोन आॅफिस में एक असिस्टेंट इंजीनियर, एक जूनियर इंजीनियर, 15 फील्ड वर्कर सहित 28 कर्मचारियों का महिला स्टाफ है। जब महिला स्टाफ को इस जोन की कमान सौंपी गई थी, तब उन्हें एक करोड़ 76 लाख रुपए का टारगेट दिया था। स्टाफ ने इससे ज्यादा एक करोड़ 90 लाख की वसूली कर ली। लाइन का मेंटेनेंस व शिकायत का निपटारा भी दूसरे जोन की तरह ही हो रहा था। 

 

खबरें और भी हैं...