पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजालंधर/बठिंडा. पंजाब ने इस बार 188 लाख टन गेहूं उगाकर अब तक सबसे बड़ा रिकॉर्ड कायम किया है। रकबे के मुताबिक गेहूं उत्पादन में हम देश में नंबर वन हैं। वैसे 23 प्रतिशत गेहूं उत्पादन के साथ इस बार देश में दूसरे नंबर पर हैं। इस बार पंजाब ने 35 लाख हेक्टेयर रकबे में अब तक का सर्वाधिक 188 लाख टन गेहूं का उत्पादन किया है। प्रदेश की छह एजेंसियों एफसीआई, मार्कफेड, पनसप, पनग्रेन, वेयर हाउस और पंजाब एग्रो ने भारी खरीदारी की है। प्रदेशभर की मंडियों से अब तक 126 लाख टन गेहूं की खरीदारी हो चुकी है। यह गेहूं सेंट्रल पूल में जाएगा जो देशभर में पीडीएस के जरिये वितरित किया जाता है।
एमएसपी के मुताबिक पंजाब ने 32,618 करोड़ रुपए के गेहूं का उत्पादन किया है। इसमें 52 लाख टन गेहूं प्रदेश में रखा गया है बाकी केंद्रीय पूल में दिया गया है। कम रकबे में इतनी भारी मात्रा में गेहूं उत्पादन का बड़ा कारण पारंपरिक खेती में आधुनिक तरीके अपनाना रहा। सूबे के किसानों ने पीएयू से प्रमाणित 677, 2967 व 3086 उत्तम किस्म के बीज बोए। यह बिजाई 15 नवंबर के बाद से वक्त पर की और कटाई मौसम खराब होने से पहले। ताकि दाना-दाना सुरक्षित रहे। इसके अलावा बीमारियों को पनपने से पहले ही कंडी क्षेत्रों में रोक दिया गया।
रिकाॅर्ड उत्पादन की 3 बड़ी वजह
1. 15 नवंबर से टाइम पर बिजाई की गई। साथ ही पीएयू से प्रमाणित 677, 2967 व 3086 किस्मों के बीज का इस्तेमाल किया गया। टाइम से बिजाई से फसल को पकने का पूरा वक्त मिला।
2. 25 करोड़ रुपए की सीड सब्सिडी के जरिये उत्तम क्वालिटी का बीज उपलब्ध करवाया, जिससे एक हजार रुपए प्रति क्विंटल सब्सिडी दी गई।
3. गेहूं पर सर्वाधिक घातक साबित होने वाली पीली कुंगी कीट, जो कंडी या पहाड़ी एरिया में पैदा होता है, को वहीं पर कंट्रोल कर पंजाब में आगे नहीं बढ़ने दिया।
पैडी के बाद गेहूं में भी अवाॅर्ड की दावेदारी : जसबीर बैंस
कृषि विभाग के डायरेक्टर डाॅ. जसबीर सिंह बैंस के मुताबिक, पंजाब ने मात्र 35 लाख हेक्टेयर में 180 लाख टन गेहूं उत्पादन कर अब तक का सर्वाधिक प्रोडक्टीविटी वाला रिकाॅर्ड बनाया है। हालांकि 2011 में भी हमने इस उत्पादन लक्ष्य को टच किया था, मगर तब रकबा ज्यादा था। इसलिए इस बार हमें उम्मीद है कि गेहूं उत्पादन में भी पंजाब को अवाॅर्ड मिलेगा। 2015 में धान के रिकाॅर्ड उत्पादन पर 2 करोड़ का अवाॅर्ड मिला था।
तीन राज्यों में उत्पादन
1. देश में सर्वाधिक गेहूं का उत्पादन उत्तर प्रदेश मेें हुआ है। यहां करीब 320 लाख टन गेहूं का उत्पादन हुआ। लेकिन रकबा 115 लाख हेक्टेयर के आसपास है। यानी पंजाब से तीन गुना।
2. हरियाणा की मंडियों मेें इस बार 87.40 लाख टन गेहूं पहुंचा है। यह देश का 9 प्रतिशत उत्पादन है। रकबे के मुताबिक देश में दूसरे नंबर पर।
3. मध्य प्रदेश देश का 11 प्रतिशत गेहूं उत्पादन करता है। यहां से केंद्रीय पूल काे कम दिया जाता है लेकिन दाना बड़ा होने के कारण यहां से पैक्ड गेहूं की बिक्री बड़ी मात्रा में होती है।
दुनिया...देश...और हम
- 13% गेहूं उत्पादन के साथ हम विश्व में दूसरे नंबर पर, सर्वाधिक उत्पादन चीन में
- 23% गेहूं उत्पादन कर पंजाब देश में दूसरे नंबर पर, 33% के साथ यूपी नंबर-1
- 11% गेहूं उत्पादन मध्य प्रदेश में हो रहा हरियाणा का देश में 9% योगदान
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.