सेवानिवृत्त जस्टिस अानंद सिन्हा का निधन
सेवानिवृत्त जस्टिस आनंद प्रसाद सिन्हा का निधन गत नौ मार्च को उनके हेहल स्थित आवास पर हो गया। वह 96 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार हरमू स्थित मुक्तिधाम में किया गया। मुखाग्नि उनके पुत्र दिनकर सिन्हा ने दी। जस्टिस आनंद प्रसाद सिन्हा का जन्म बिहार के जमुई में 10 सितंबर 1924 को हुआ था। उन्होंने समाज शास्त्र से स्नातकोत्तर किया था और पटना विश्वविद्यालय से लॉ की डिग्री ली थी। उनकी शादी श्रीमती माधुरी सिन्हा से हुयी थी। जस्टिस आनंद प्रसाद सिन्हा की तीन संतानें हैं। जिनमें दो पुत्रियां प्रीति श्रीवास्तव और रश्मि सिन्हा और एक पुत्र दिनकर आनंद हैं। जस्टिस आनंद पटना और झारखंड हाईकोर्ट में न्यायाधीश रहे थे। उसके बाद वह इनकम टैक्स ट्रिब्यूनल के अध्यक्ष भी बनाये गये थे। इसके पूर्व वह वर्ष 1976 से 1979 तक रांची के न्यायायुक्त के पद पर भी पदस्थापित रह चुके थे।
22 मार्च को होगा स्मृति दिवस
जस्टिस एपी सिन्हा की याद में उनके निधन के बारहवें दिन 22 मार्च को निवास स्थान माधुरी (वेस्ट इंड पार्क हेहल, रांची) में स्मृति दिवस का आयोजन परिजनों ने किया है। उनके परिवार में पुत्री प्रीति श्रीवास्तव, दामाद विनय श्रीवास्तव, पुत्री रश्मि सिन्हा, दामाद डा.शेखर सिन्हा, पुत्र दिनकर आनंद, बहू सुमिता आनंद समेत कई पोते-पोतियां और नाती-नतनियां हैं।
कई पुस्तकें लिखी : सेवानिवृति के बाद उन्होंने अपने आप को लेखन के काम में व्यस्त रखा। समाज को नयी दिशा देने के लिए उन्होंने न्याय और समाज से जुड़ी चार पुस्तकें लिखी। उन्होंने समाज की बेहतरी के लिए अंतिम सांसें लेने के वक्त तक लगातार कार्य किया।