पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजयपुर. गुजरात के बडगांव से निर्दलीय विधायक जिग्नेश मेवाणी का कहना है कि वसुंधरा राजे सरकार की नीतियों के खिलाफ मई-जून में राजस्थान में रोजगार यात्रा निकालेंगे। इसमें 15 राज्यों के आंबेडकरवादी और वामपंथी कार्यकर्ता भाग लेंगे। पुलिस द्वारा उन्हें नागौर जाने से रोक दिए जाने के बाद जयपुर के प्रतापनगर में भास्कर के साथ बातचीत करते हुए मेवाणी ने कहा कि एक तरफ तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि उनसे ज्यादा अंबेडकर को किसी पार्टी ने सम्मान नहीं दिया, वहीं उन्हीं की पार्टी के शासन वाले राजस्थान में अंबेडकर और संविधान की बात कहने जा रहे एक चुने हुए जनप्रतिनिधि को नजरबंद करके रखा जाता है। आखिर एक निर्दलीय विधायक जिसकी न कोई पार्टी है न कोई संसाधन हैं, सरकार इतना क्यों डर गई है? हम संविधान और बाबा साहब के दर्शन पर बात न करें तो क्या मनुस्मृति पर चर्चा करें।
- मेवाणी ने कहा कि राजस्थान के गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया के कहने पर मुझे नागौर जाने से रोका गया है। एक चुने हुए विधायक के साथ इस तरह बदसलूकी की जा सकती है तो फिर सामान्य व्यक्ति के साथ क्या बर्ताव होगा? मैं इस तरह की हरकतों से डरने वाला नहीं हूं। जब मोदी और शाह मिलकर मुझे नहीं डरा पाए तो कटारिया और उनकी पुलिस क्या डरा पाएगी। पुलिस कहती है कि मैं 15 से 30 अप्रैल तक राजस्थान में किसी कार्यक्रम में नहीं आ सकता। ना मुझे किसी कोर्ट ने दोषी ठहराया है न मैं किसी दंगे वाली जगह पर जा रहा था, फिर सरकार को मुझसे क्या डर है? मेवाणी ने कहा कि भाजपा यदि असली हिंदुवादी पार्टी है तो दलित-अल्पसंख्यक की तो बात अलग एबीवीपी, बजरंग दल व आरएसएस की शाखाओं में सूर्य नमस्कार करने वाले युवाओं को रोजगार दे।
सभा में नागौर जा रहे गुजरात के नेता जिग्नेश को पुलिस ने जयपुर में रोका
- नागौर के मेड़ता रोड कस्बे में डाॅ. भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह में हिस्सा लेने आ रहे गुजरात के निर्दलीय विधायक और आदिवासी नेता जिग्नेश मेवाणी को पुलिस ने सुबह 10 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर रोक लिया। नागौर में धारा 144 का हवाला देते हुए पुलिस ने मेवाणी को नोटिस थमाया। लिखित ऑर्डर को लेकर मेवाणी की पुलिस के साथ बहस हुई। करीब एक घंटे बाद पुलिस लिखित ऑर्डर लेकर पहुंची। करीब चार घंटे तक चले नाटकीय घटनाक्रम के बाद मेवाणी प्रताप नगर में एक परिचित के यहां चले गए। पुलिस भी घर को घेरकर बैठी रही।
- जिग्नेश से मिलने पूर्व राज्यमंत्री गोपाल केशावत को एयरपोर्ट से बजाज नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार 2009 में हुई दुर्घटना के मामले में केशावत का स्टैंडिंग वारंट जारी था। समारोह में शामिल होने के लिए जिग्नेश सुबह 10 बजे सांगानेर एयरपोर्ट पहुंचे। कुचामन सिटी के डिप्टी विद्याप्रकाश मुंड ने नागौर कलेक्टर और एसपी का नोटिस दिखाते हुए उन्हें एयरपोर्ट के मुख्य गेट पर ही रोक लिया।
- इसी दौरान जवाहर सर्किल एसएचओ राजेश सोनी व डीसीपी कुंवर राष्ट्र दीप भी वहां पहुंच गए और जयपुर में धारा 144 लगी होने का हवाला देते हुए उनकी गाड़ी को रोक लिया। जिग्नेश के समर्थक भी एयरपोर्ट पहुंच गए तो पुलिस को अंदेशा हुआ कि वे जयपुर में भी रैली कर सकते हैं। जिग्नेश और पुलिस के बीच बहस होती रही।
- जिग्नेश ने लिखित ऑर्डर मांगा तो करीब एक घंटे बाद पुलिस ने उनके नाम से ऑर्डर दिखाते हुए कहा कि 15 से 30 अप्रैल तक आप जयपुर में किसी प्रकार की रैली और सभा नहीं कर सकते। नोटिस तामील होने के बाद जिग्नेश प्रताप नगर चले गए। उनके पीछे पुलिस टीम भी उनके घर तक पहुंच गई।
नोटिस देकर सुरक्षा दी है : पुलिस
डीसीपी ईस्ट कुंवर राष्ट्र दीप का कहना है कि विधायक जिग्नेश की सुरक्षा में कोताही न हो इसलिए पुलिस की गाड़ी साथ लगाई है।
लोकतंत्र पर हमला : जिग्नेश
जिग्नेश बोले-यह लोकतंत्र पर हमला है। जयपुर में आज क्या स्थिति हो गई कि चुने हुए प्रतिनिधि को नजरबंद कर रखा जा रहा है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.