पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
लंदन. ब्रिटिश रॉयल फैमिली पिछले करीब 6 महीनों से प्रिंस हैरी और मेगन मार्केल की शादी की तैयारियों में जुटा है। मेगन मार्केल एक अमेरिकी अभिनेत्री हैं और प्रिंस हैरी से 3 साल बड़ी हैं। इतना ही नहीं वे 2011 में अमेरिकी एक्टर प्रोड्यूसर से शादी भी कर चुकी हैं। हालांकि, दो साल बाद उनका तलाक हो गया। बता दें कि शाही परिवार के सदस्यों को सैकड़ों सालों तक तलाकशुदा से शादी करने पर मनाही थी। कभी इसी नियम की वजह से हैरी के परदादा को राजगद्दी तक छोड़नी पड़ी थी। वहीं हैरी की दादी एलिजाबेथ द्वितीय की छोटी बहन मार्गरेट को भी इसी वजह से भी अपनी शादी के फैसले को बदलना पड़ा था।
किंग एडवर्ड अष्टम- राजा जिसने शादी के लिए छोड़ दी राजगद्दी
- ब्रिटेन के राजा किंग जार्ज पंचम और क्वीन मैरी के बेटे किंग एडवर्ड VIII जनवरी 1936 में अपने पिता की मौत के बाद राजा बने थे। हालांकि, अमेरिकी सोशलाइट वालिस सिम्पसन से शादी करने के लिए उन्होंने अपनी राजगद्दी तक छोड़ने का फैसला कर लिया। वालिस सिम्पसन उस वक्त पहले पति से तलाक ले चुकी थीं, जबकि दूसरे पति से तलाक लेने का फैसला कर चुकी थीं। एडवर्ड के इस फैसले से राजघराने में खलबली मच गई थी। हालांकि, 11 महीने बाद एडवर्ड ने वालिस से शादी कर ली और राजगद्दी को अपने भाई जॉर्ज षष्ठम के लिए छोड़ दी। गौरतलब है कि अभी ब्रिटेन की महारानी क्वीन एलिजाबेथ II जॉर्ज षष्ठम की ही बेटी हैं।
प्रिंसेस मार्गरेट- राजघराने के लिए कुर्बान कर दिया अपना प्यार
- 1955 में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की छोटी बहन मार्गरेट को भी राजघराने के कड़े नियमों की वजह से तलाकशुदा शख्स से शादी का अपना फैसला वापस लेना पड़ा था। दरअसल, मार्गरेट एयर फोर्स के पायलट और ग्रुप कैप्टन पीटर टाउनसेंड से शादी करना चाहती थीं। टाउनसेंड खुद भी शाही परिवार से थे, लेकिन वे तलाकशुदा थे और इस वजह से दोनों की शादी नहीं हो सकी। मार्गरेट ने खुले तौर पर अपनी शादी टूटने का ऐलान भी किया था। इसके बाद शाही परिवार ने पीटर को बेल्जियम भिजवा दिया था।
शाही परिवार में क्यों नहीं होती थी तलाकशुदा से शादी
- दरअसल, शाही परिवार को ईसाई धर्म में आदर्श के तौर पर देखा जाता है। ऐेस में उन्हें शाही परंपराओं और ईसाई धर्म के मूल्यों को जीवन में बनाए रखना होता है। तलाकशुदा शख्स को चर्च में शादी करने की अनुमति नहीं होती। इसी के चलते नियम रहा है कि शाही परिवार का कोई सदस्य तलाकशुदा से शादी नहीं कर सकता।
ब्रिटिश राजघराने में कैसे मिली प्रिंस हैरी की शादी को मान्यता
- प्रिंस हैरी और मेगन मार्केल की शादी का ऐलान पिछले साल दिसंबर में हुआ था। ये ऐलान सबसे पहले हैरी के पिता प्रिंस चार्ल्स ने ही किया था।
- राजघराने की शादी की परंपरा को बदलने में भी प्रिंस चार्ल्स का अहम रोल रहा है। 1981 में प्रिंस चार्ल्स की शादी डायना से हुई थी। 15 साल तक चली उनकी शादी का 1996 में अंत हो गया था। इसके बाद 2005 में चार्ल्स ने कैमिला पार्कर बोल्स से शादी कर ली। बताया जाता है कि वे पहले भी कैमिला पार्कर बोल्स से शादी करना चाहते थे। 2005 में उनकी शादी चर्च में नहीं हुई थी। इसमें महारानी ने हिस्सा नहीं तो लिया था लेकिन इसके लिए हामी भरी थी।
- कुछ ही साल पहले चर्च ऑफ इंग्लैंड ने उस कानून को मान्यता दी है जिसके तहत तलाकशुदा व्यक्ति असाधारण हालातों में शादी कर सकता है। माना जाता है कि प्रिंस हैरी की शादी की एक वजह उनके पिता की शादी है जिसने तलाक के बावजूद शादी का रास्ता बनाया।
तलाक ले चुके हैं महारानी एलिजाबेथ की चार में से तीन संतान
- पुराने समय में रिवाजों को मानते हुए शाही परिवार में तलाक के मामले बेहद कम हुए। हालांकि, महारानी एलिजाबेथ की चार संतानों में से तीन तलाकशुदा हैं। इनमें प्रिंस चार्ल्स, प्रिंस एंड्रयू और प्रिंसेज एन शामिल हैं। ऐसे में कहा जा रहा है कि बदलते समय को देखते हुए महारानी एलिजाबेथ ने प्रिंस हैरी की शादी का पूरी तरह समर्थन किया है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.