पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंइंदौर। महू के पास एक गांव में खेत से सोने व चांदी के सिक्के निकलने की अफवाह ने सोमवार को ऐसा जोर पकड़ा की सैकड़ों लोग सिक्के के लालच में खेत पर पहुंच गए और खुदाई प्रारंभ कर दी। अफवाह से परेशान खेत मालिक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बड़ी मुश्किल से ग्रामीणों को समझा कर वहां से रवाना किया।
- इंदौर के पास स्थित महू के ग्राम मांगलिया के किसान हरनामसिंह पिता सोमा भील के खेत से सोने व चांदी के सिक्के निकलने की अफवाह फैल गई। वैसे तो यह अफवाह पिछले 7 दिनों से फैल रही थी लेकिन सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण हरनामसिंह के खेत पर पहुंच गए और सिक्के तलाशने के लिए खुदाई प्रारंभ कर दी। किसान ने ग्रामीणों को खेत खोदने से मना करते हुए कहा कि यहां कोई सोने-चांदी के सिक्के नहीं है। लेकिन ग्रामीणों ने किसान की बात को अनसुना कर दिया। परेशान किसान ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
8 अप्रैल को चलाया था ट्रेक्टर
हरनामसिंह ने बताया कि उसने अपने खेेत में गेहूं बोया था। गत 8 अप्रैल को उसने खेत पर ट्रेक्टर चला कर मिट्टी को पलटा था। इसके बाद वह अपने घर चला गया था। खेत पर ट्रेक्टर चलने के बाद वहां बकरी चराने वाले दिनेश और मानसिंह के बच्चों को खेत से दो प्राचीन सिक्के मिले थे। इन सिक्कों पर अरबी (संभवत:) भाषा में कुछ लिखा था।
और एक-दूसरे के माध्यम से फैल गई अफवाह
सिक्के मिलने की जानकारी दिनेश और मानसिंह के बच्चों ने अपने परिजनों को दी। परिजनों ने आसपास के लोगों को यह बात बताई। आसपास के लोगों ने उनके परिचितों को यह बात बताई और इस तरह से यह अफवाह फैल गई की हरनामसिंह के खेत में खजाना गड़ा है और वहां से सोने व चांदी के सिक्के निकल रहे हैं।
यहां खजाना गड़ा है
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस जब लोगों से खेत खोदने का कारण पूछा तो ग्रामीणों ने उनसे कहा कि यहां जमीन के नीचे खजाना गड़ा है। सिक्के पाने के लालच में लोग हाथों से ही खेत में यहां वहां खुदाई कर रहे थे। जब पुलिस ने उन्हें समझाया और खुदाई करने से रोका तो ग्रामीण पुलिस से ही तकरार करने लगे। बाद में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए खुदाई कर रहे लोगों को खेते से बाहर खदेड़ दिया।
जांच कराएंगे
बड़गोंदा थाना प्रभारी हितेन्द्रसिंह राठौर का कहना है कि बच्चों को खेत से जो दो सिक्के मिले थे उन्हें जब्त कर लिया गया है। उन सिक्कों की जांच कराई जाएगी। इस संबंध में पुरातत्व विभाग को भी सूचना दी गई है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.