पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंगंगापुर सिटी (जयपुर). शादी के पांच साल बाद भी जब संतान नहीं हुई तो इलाज कराने के लिए दंपती साधु बाबा के पास इस आशा से पहुंचे कि बाबा के आशीर्वाद से उन्हें संतान मिलेगी, लेकिन बाबा ने विश्वास की तमाम मर्यादाओं को तार तार करते हुए महिला से तीन दिन तक ज्यादती की। बाबा ने महिला को धमकाया कि इस बारे में उसने किसी को बताया तो पहले उसका पति मरेगा फिर पेट में पल रहे बच्चे की मौत हो जाएगी। डरी सहमी महिला ने पहले तो इस बारे में किसी को नहीं बताया, लेकिन बुधवार को उसने सारी हकीकत अपने पति के सामने बयां कर दी। पति पत्नी ने थाने पहुंचकर इस ढोंगी बाबा के खिलाफ बाटोदा थाने में एफआईआर दर्ज करा दी। पुलिस ने बाबा शिवलाल मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पीडिता का गुरुवार को मेडिकल कराया।
महात्मा महिलाओं का ऐसे करता था इलाज
हेड कांस्टेबल प्रेमचंद गुर्जर ने बताया कि महात्मा जब महिला का इलाज करता था तो तेल लगाकर पेट की मालिश करता तथा कुछ खाने की दवा भी देता था। इसके बाद महिलाओं से ज्यादती करता था।
12 साल पहले बना था महात्मा, 6 महीने से यहां रह रहा था
आरोपी महात्मा ने बताया कि वह करीब 12 साल से महात्मा बन कर गोवर्धन की परिक्रमा में रहता था। उसके बाद घूमता फिरता बैरखंडी आकर करीब 6 माह से बजरंग बली के स्थान पर रहने लगा। बाबा की खाने पीने की व्यवस्था भी गांव वालों ने ही कर रखी थी।
महात्मा को पुलिस की नहीं थी चिंता
पुलिसकर्मी धारासिंह ने बताया कि पीडिता की रिपोर्ट के बाद जब पुलिस दल गंगापुर के बैरखंडी में महात्मा के पास पहुंचा और उसे गिरफ्तार कर थाने चलने को कहा तो महात्मा ने पुलिस को धमकाया। कहा कि अभी यहां प्रवचन चल रहा है। मैंने कोई गुनाह नहीं किया मैं क्यों थाने चलूं। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने सख्ती दिखाई और उसे जबरन गाड़ी में डालकर थाने ले आए।
एफआईआर से जानिए क्या और कैसे किया ढोंगी बाबा ने
- पीडिता की शादी 2013 में हुई थी, लेकिन अब तक कोई संतान नहीं हुई। काफी इलाज कराया, फिर भी कोई फायदा नहीं हुआ। पीडिता के पिता ने उसे बताया कि बैरखंडी के बालाजी पर साधु बाबा आए हैं और वे बच्चा होने की दवा देते हैं। इलाज कराने के लिए पीडिता और उसका पति 13 मई को बैरखंडी पहुंचे।
- ढोंगी बाबा ने पीडिता के पति को बाहर बैठने को कहा। इसके बाद बाबा महिला को अपनी कुटिया में ले गया जहां उसने पेट पर तेल लगाने के बहाने उसके साथ ज्यादती की।
- पीडिता के मुताबिक, बाबा ने उसे 6 पूडिय़ों में दवा दी। इसके बाद, ज्यादती करके ये बात किसी को न बताने की हिदायत भी दी। अगले दिन दंपती फिर बाबा के पास आए तो बाबा ने उस दिन भी महिला से ज्यादती की।
- 15 मई को पति-पत्नी फिर बाबा के पास पहुंचे लेकिन बाबा नहीं मिला। 16 मई को पीडिता और पति फिर से बाबा के पास पहुंचे, इस दिन भी बाबा ने महिला से ज्यादती की और इस बारे में किसी को बताने पर पति और बच्चे की मौत और तो और खुद उसके पागल हो जाने के लिए धमकाया।
- आखिरकार पीडिता इस अत्याचार को सहन नहीं कर सकी तथा अपने पति को सब कुछ बता दिया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.