पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंसलमान ख़ान के प्रशंसक उनकी आने वाली फ़िल्म 'जय हो' का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं और फ़िल्म व्यापार विशेषज्ञों के मुताबिक़ इसके बॉक्स ऑफ़िस पर ज़बरदस्त शुरुआत करने की संभावना है लेकिन सलमान ख़ान फ़िल्म को लेकर परेशान हैं.
(थिरकने लगे सलमान)
मुंबई में फ़िल्म के बारे में बात करते हुए सलमान ख़ान ने कहा, "जय हो मेरी सबसे पसंदीदा फ़िल्मों में से एक है. लेकिन जैसा कि पहले भी होता आया है कि किसी एक्टर की जो फ़ेवरिट फ़िल्म होती है वो कई बार फ़्लॉप हो जाती है. हालांकि मेरे साथ अब तक ऐसा नहीं हुआ है, लेकिन मैं जानता हूं कि किसी ना किसी दिन ऐसा ज़रूर होगा. मुझे चिंता हो रही है. दुआ करता हूं कि जय हो ऐसी फ़िल्म ना साबित हो."
सलमान ने अपने प्रशंसकों को आश्वस्त करना चाहा, "इस फ़िल्म में वो सब कुछ है जो मेरे प्रशंसकों को पसंद होता है. रोमांस, एक्शन, कॉमेडी सब कुछ. लेकिन साथ ही ये भी कहना चाहूंगा कि मेरी पिछली फ़िल्मों के फ़ॉर्मेट से ये हटकर है."
'एक्शन फ़िल्मों का दौर हो जाएगा ख़त्म'
हालांकि सलमान ने ये भी जोड़ा कि मौजूदा दौर में एक्शन फ़िल्मों की भरमार हो गई है और अब लोग धीरे-धीरे इनसे बोर होने लगे हैं.
(आलिया का बचाव)
सलमान ने कहा कि जल्द ही एक्शन फ़िल्मों का दौर ख़त्म हो जाएगा. लेकिन सलमान अपनी फ़िल्मों को विशुद्ध एक्शन फ़िल्म मानने से साफ़ इनकार कर देते हैं.
"मेरी फ़िल्म वॉन्टेड को एक्शन फ़िल्म माना गया जबकि उसमें एक कहानी भी थी. अगर मज़बूत स्क्रिप्ट ना होती तो वॉन्टेड, दबंग और सिंघम जैसी फ़िल्में हिट ना होतीं."
'हीरो के करने के लिए कुछ नहीं'
उन्होंने ये भी माना कि ऐसी एक्शन फ़िल्में जिसमें अवास्तविक एक्शन और स्टंट होता है उनमें हीरो के करने के लिए कुछ नहीं होता.
(मोदी के क़रीब सलमान ?)
"हीरो की एक लात पर विलेन हवा में उड़ जाए. एक घूंसे पर ढेर सारे खलनायक धूल चाट जाएं, ऐसी फ़िल्मों में हीरो के करने के लिए कुछ नहीं होता. सारा काम स्टंट मास्टर का होता है. हम क्या करें."
'जय हो' के निर्देशक सलमान ख़ान के छोटे भाई सोहैल ख़ान है. फ़िल्म में नवोदित अभिनेत्री डेज़ी शाह हैं साथ ही वरिष्ठ अभिनेता डैनी डेंग्जोप्पा की भी अहम भूमिका है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.