पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरायपुर. झीरम घाटी से कांग्रेस संकल्प यात्रा शुरू करेगी। तारीख भी 25 मई ही होगी। यह वही तारीख है जिस दिन नक्सली हमले में पांच साल पहले तत्कालीन पीसीसी चीफ नंद कुमार पटेल, बस्तर टाइगर महेंद्र कर्मा, विद्याचरण शुक्ल, उदय मुदलियार सहित कांग्रेस के कई बड़े नेता शहीद हुए थे। इस वारदात के बाद कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा वहीं थम गई थी। लेकिन पांच साल बाद फिर उसी दिन से पीसीसी के सभी नेता वहां मौजूद रहेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक पहले मां दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना कर स्व. महेंद्र कर्मा के गांव जाएंगे जहां उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद वे झीरम घाटी की माटी में पुष्पांजलि चढ़ाएंगे।
इसके बाद केशलूर में जहां उस समय सभा होनी थी वहां पहुंचकर कांग्रेस संकल्प यात्रा शुरू करेगी। इसके बाद दूसरा पड़ाव जगदलपुर होगा। 27 मई 28 मई को दो दिन बस्तर संभाग के आठ विधानसभा के संकल्प शिविर होंगे।
ये सब नेता होंगे शामिल :
छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया, छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिव अरूण उरांव एवं चंदन यादव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष चरणदास महंत, पूर्व नेता प्रतिपक्ष रविन्द्र चौबे, धनेंद्र साहू, सत्यनारायण शर्मा, कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष डा. शिवकुमार डहरिया, रामदयाल उइके, पूर्व मंत्री मो.अकबर, राज्यसभा सदस्य छाया वर्मा, कांग्रेस विधायक दल के उपनेता कवासी लखमा, पूर्व सांसद, करूणा शुक्ला शामिल होंगे।
इधर, मोदी सरकार के 4 साल पूरे होने पर भाजपा मनाएगी 9 दिन जश्न
इधर प्रदेश भाजपा ने केंद्र में मोदी सरकार के 4 साल पूरे होने के मौके पर जश्न मनाने का फैसला किया है। ठाकरे परिसर में सोमवार को हुई बैठक में इसकी रुपरेखा बनी। इसके मुताबिक 9 दिनों तक पूरे राज्य में कार्यक्रम आयोजित होंगे। लोगों को अलग-अलग जिम्मेदारियां बांटी गई हैं। 26 मई से कार्यक्रम शुरू होंगे और तीन जून तक चलेंगे। कार्यक्रम अलग-अलग स्थानों पर बूथ स्तर तक होंगे। 24 से 26 मई तक जिला स्तरीय बैठकें होंगी। हर जिले में प्रेस कांफ्रेंस होंगी। 26 व 27 मई को मंडल स्तरीय बैठकें होंगी। मंडल वाले निचले स्तर तक कार्यक्रमों का क्रियान्वयन करेंगे।
बैठक में मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय, पुन्नूलाल मोहिले, दयाल दास बघेल व केदार कश्यप, विधायक शिवरतन शर्मा, देवजी पटेल, नवीन मारकंडेय, संतोष उपाध्याय, तोखन साहू, खिलावन साहू आदि, महामंत्री संगठन पवन साय, मोर्चा-प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रामप्रताप सिंह आदि भी शामिल हुए।
ये कार्यक्रम होंगे - लाभार्थी सम्मेलन, बूथ संपर्क अभियान, स्वच्छता अभियान, ग्राम सभाओं का अायोजन, समरसता संपर्क अभियान आदि।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.