पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सरपंच की नाले के पास मिली लाश, गैंगस्टर विक्की गौंडर को शरण देने के केस में था आरोपी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

गुरदासपुर(पंजाब).  जफ्फरवाल ड्रेन के पास से बुधवार को तलवंडी बथूनगढ़ के सरपंच जगरूप सिंह (30) का शव मिला है। इसी जगरूप के घर से नाभा जेल ब्रेक मामले में इस्तेमाल गाड़ियां बरामद हुईं थी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ भी की थी। 20 अप्रैल 2017 को गुरदासपुर के काहनूवान चौक पर हुए गोलीकांड का मामला दर्ज होने के बाद जब पुलिस ने जांच शुरू की तो गैंगस्टर विक्की गौंडर व उसके साथी सुख भिखारीवाल, ज्ञान खरलां, हरि चट्‌ठा मजीठिया व गोपी के साथ गांव तलवंडी बथूनगढ़ के जगरूप का नाम भी आया था। न्यायिक हिरासत के बाद सरपंच जमानत पर बाहर आ गया और अब वह धारीवाल में शराब ठेकेदार की रेड टीम में काम कर रहा था।

 

 

लाश पड़े होने की पुलिस को मिली थी खबर

- बुधवार सुबह थाना धारीवाल पुलिस को सूचना मिली की जफ्फरवाल ड्रेन के पास एक नौजवान का शव पड़ा हुआ है। पुलिस ने जब जाकर जांच की तो पता चला कि शव गांव तलवंडी बथूनगढ़ के अकाली सरपंच जगरूप सिंह का है। शव के पास ही उसकी सफेद रंग की एक्टिवा भी पड़ी हुई थी।

- धारीवाल थाना प्रभारी अमनदीप सिंह ने कहा कि मृतक जगरूप के परिजनों ने किसी भी तरह का कोई ऐसा बयान नहीं दिया कि उन्हें किसी पर शक हो। 174 की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामला संदिग्ध जरूर है जिसके चलते पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही जांच शुरू की जाएगी।  

 

जहरीली वस्तु या ओवरडोज हो सकती है मौत का कारण 

जिन हालात में सरपंच जगरूप का शव ड्रेन के पास मिला है और उसके मुंह से झाग निकल रही थी। पूरा शरीर नीला पड़ चुका था, उससे पुलिस अंदाजा लगा रही है कि उसकी मौत या तो कोई जहरीली वस्तु निगलने से हुई है या फिर नशे की ओवरडोज के कारण।  

 

एक्टिवा पर किसी काम के लिए कहकर निकला था घर से  

- मृतक जगरूप के दादा जागीर सिंह ने बताया कि जगरूप 6 महीने पहले जेल से जमानत पर बाहर आया था। आजकल वह धारीवाल एक्साइज विभाग के साथ काम कर रहा था। मंगलवार शाम वह अपनी एक्टिवा पर किसी काम के लिए गया था लेकिन वापस नहीं आया।

- सारी रात जगरूप की मां परमिंदर कौर उसे फोन लगाती रही लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। बुधवार सुबह उन्हें पता चला कि जगरूप का शव जफ्फरवाल ड्रेन के पास पड़ा हुआ है। मृतक जगरूप सिंह अविवाहित था और वह दो बहनों का इकलौता भाई था।  

 

 

गैंगस्टर ज्ञान खरलांवाला की गिरफ्तारी के बाद सामने आया था जगरूप सिंह का नाम 

 

- 10 जून को पुलिस व गैंगस्टरों की हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गैंगस्टर ज्ञान खरलांवाला को गिरफ्तार किया था। उसकी टांग पर गोली लगी हुई थी। उसकी गिरफ्तारी के बाद की गई पूछताछ के बाद पुलिस को पता चला था कि गौंडर गैंग को गांव तलवंडी बथूनगढ़ के अकाली सरपंच जगरूप सिंह अपने घर शरण दिया करता था। पुलिस ने जगरूप को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो पता चला था कि गुरदासपुर में गोलीकांड को अंजाम देने के बाद भी विक्की गौंडर उसी के घर जाकर रुका था तथा अकसर वहां आता-जाता रहा है।

खबरें और भी हैं...