पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंइंदौर। शहर से लगे बरलई ग्राम पंचायत का सरपंच 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते बुधवार को सुबह लोकायुक्त पुलिस के हाथों रंगेहाथ पकड़ा गया। उसने गांव में एक मकान का चढ़ाव और गैलरी तोड़ने अतिक्रमण बता कर तोड़ने को कहा था और नहीं तोड़ने के बदले में रिश्वत मांगी थी। फरियादी जब रिश्वत देने पहुंचा तब आरोपी सरपंच जेंट्स पार्लर पर शेविंग कराने गया था और उसने फरियादी को वहीं पैसे लेकर बुलवा लिया था। जैसे ही उसने पैसे लिए, सामने लोकायुक्त पुलिस की टीम खड़ी थी जिसे देखकर वह हक्का बक्का हो गया।
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी के मुताबिक आरोपी सरपंच का नाम विनोद चौहान (27) निवासी बरलई है। बरलई गांव एपी रोड पर इंदौर शहर व शिप्रा के बीच है। आरोपी सरपंच वर्ष 2015 में सरपंच बना था। उसे वहीं के निवासी राजेश बागरी की शिकायत पर बुधवार सुबह 10.15 बजे 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया। उसने पैसे पेंट की दाईं जेब में रखे ही थे कि लोकायुक्त डीएसपी प्रवीणसिंह बघैल टीम के साथ धरदबोचा। हाथ धुलवाए तो हाथ गुलाबी हो गए। बाद में रुपए के साथ आरोपी की पेंट उतरवा कर जब्त की गई। यह सूचना गांव में फैलते ही काफी लोग जमा हो गए थे।
पहले दुकान तोड़ी, गैलरी तोड़ने का कहा था
फरियादी की 10 बाय 10 वर्गफीट की दुकान डेढ़ साल पहले अतिक्रमण में होने से पंचायत ने तोड़ दी थी। हाल ही सरपंच ने फरियादी से कहा था कि उसके मकान की गैलरी और चढ़ाव भी अतिक्रमण में है। इसे तोड़ा जाएगा। फरियादी ने उससे आग्रह किया कि वह ऐसा नहीं करे। इस पर नहीं तोड़ने के लिए आरोपी सरपंच ने 20 हजार रुपए मांगे थे। इसकी शिकायत फरियादी ने लोकायुक्त एसपी सोनी से की थी। एसपी ने इसके लिए डीएसपी बघैल के नेतृत्व में टीम बनाई थी। बाद में सौदा 10 हजार रुपए में तय हुआ था।
सरपंच ने कहा- दाढ़ी बनवा रहा हूं, यहीं पैसे लेकर आ जाओ
योजना के तहत फरियादी ने आरोपी सरपंच को फोन करके कहा कि वह पैसे लेकर आ गया है। इस पर सरपंच ने कहा कि वह गांव में ही दुकान दाढ़ी बना रहा हूं, यहीं आ जाओ। फरियादी वहां पहुंचा तो वह दाढ़ी बना चुका था और दुकान पर ही बैठा हुआ था। तभी वह रंगेहाथ रिश्वत लेते पकड़ लिया गया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.